कांशीराम नगर में सोमवार सुबह पति के तानों से तंग आकर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने धर्म छिपाकर निकाह करने वाले अपने पहले पति को जनवरी माह में जेल भिजवाया था। जबकि छह माह पहले ही दूसरी शादी की थी।
लोगों की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतरवाया। मायके वाले दूसरे पति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। मूलरूप से रामपुर जनपद के मिलक थानाक्षेत्र के भसौड़ी शरीफ निवासी सईद खान की बेटी नाजिया खान ने आठ साल पहले समीर खान नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था।
उसने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया था। एक साल पहले ही नाजिया को पता चला था कि समीर मुस्लिम नहीं, बल्कि हिन्दू है। इसके अलावा वह पहले से शादीशुदा भी था। जबकि उसकी कोई नौकरी भी नहीं थी। इस बीच नाजिया के दो बच्चे अलफिजा और अलफाज भी हो चुके थे।
जनवरी माह में नाजिया ने मझोला थाने में अपने पति समीर के खिलाफ धोखाधाड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया था। तब नाजिया खान अपने दोनों बच्चों के साथ कांशीराम नगर में रह रही थी। इसी बीच भूड़ृ निवासी हाजी मो. कमरूल संपर्क में आ गया।
छह माह पहले कमरूल ने नाजिया से निकाह कर लिया था। तब से दोनों साथ ही रह रहे थे। कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। कमरूल उसे बार बार पहली शादी को लेकर ताने देता था। जबकि कमरूल भी पहले से शादीशुदा था । दोनेां के बीच इसी बात को लेकर कई बार झगड़ा हुआ।
सोमवार सुबह नाजिया ने अपने दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया। इसके बाद उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और पंखे पर लटक गई। दोपहर में जब कमरूल घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। कमरूल की सूचना पर आस पड़ोस के लोग पहुंच गए खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया और शव को नीचे उतार लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिज दिया। मायके वालों का आरोप है कि कमरूल ने हत्या कर लाश फंदे पर टांगी है। एसओ मझोला नीरज कुमार ने बताया कि मायके वालों की तहरीर पर कमरूल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।