फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: मायके में रह रही महिला पर पति ने चाकू से वार कर घायल किया

Thu, 06 Aug 2026 02:08 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। सहसपुर गांव में बुधवार दोपहर मायके में रह रही विवाहिता मरजीना 25 वर्ष पर उसके पति संभल निवासी रिजवान ने चाकू से कई वार कर गंभीर घायल कर दिया। पत्नी पर हमला कर भाग रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पीछा करके दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में घायल मरजीना की मां की ओर से उसके पति के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन




सहसपुर गांव में ब्लॉक कार्यालय के सामने मोहल्ला चौड़ा खड़ंजा निवासी रहमत जहां की बेटी मरजीना की शादी लगभग आठ साल पहले संभल के थाना हयातनगर अंतर्गत मोहल्ला सरायतरीन निवासी रिजवान के साथ हुई थी। मरजीना की रिजवान से पैदा एक बेटी है जो इस समय रिजवान के घर ही रह रही है। मरजीना के मायके से ससुराल न जाने को लेकर पति रिजवान उससे नाराज चल रहा था और इसी नाराजगी की वजह से उसने अपनी ससुराल सहसपुर पहुंचकर मरजीना पर चाकू से हमला किया।



मरजीना की मां रहमत जहां की ओर से थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसकी बेटी का पति रिजवान शादी के बाद से ही लगातार उसकी बेटी के साथ मारपीट कर उत्पीड़न करता चला आ रहा है कई बार मोहल्ले के लोगों ने समझा बुझाकर मरजीना को उसके साथ ससुराल भेज दिया था। पति के रवैये से परेशान होकर मरजीना दो माह से मायके सहसपुर में रह रही है। रहमत जहां के अनुसार बुधवार दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे मरजीना का पति रिजवान घर में घुस आया और घर में अकेली मरजीना को गाली देते हुए पकड़ लिया। रहमत जहां का आरोप है कि मरजीना को जान से मारने की नीयत से रिजवान ने उस पर चाकू से कई वार किए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी रिजवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विज्ञापन




घायल मरजीना को सहसपुर चौकी पुलिस और परिजन पहले तो उपचार के लिए सीएचसी बिलारी लेकर गए। यहां चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्साधिकारी ने बताया कि मरजीना के हाथ, पैर, माथे और कोहनी आदि पर छह जगह चाकू से हमला कर घायल करने के निशान हैं।



उधर मरजीना के सौतेले पिता मोहम्मद अलीम के अलावा उसके मायके के पड़ोसी असलम मलिक आदि ने बताया कि पति द्वारा चाकू से हमला करने के दौरान जब मरजीना ने शोर मचाया तब घर के बाहर मोहल्ले वालों की भीड़ जमा हो गई। हमलावर पति बाहर खड़े लोगों को धमकी देते हुए सहसपुर की आबादी के पूरब में जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने पीछा करके आरोपी पति को दबोच लिया और सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार जब उसे दबोचा गया तब वह ग्रामीणों को डराने के उद्देश्य से यह धमकी भी देता रहा कि उसके पास तमंचा है और वह पकड़ने वालों को गोली मार देगा।



थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। घायल महिला को मेडिकल उपचार के लिए सीएचसी बिलारी भेजा गया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें