दहेज की मांग पूरी ना होने पर पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। कानून की गिरफ्त सक बचने के लिए आर्थिक तंगी का हवाला देकर खुद भी जहरीले पदार्थ का सेवन करके मरने का ढोंग रचकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। साले की तहरीर के आधार पर पुलिस महिला के पति, ससुर और ममेरे ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
केमरी थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर चिड़िया खेड़ा गांव निवासी ओमकार की बहन सुमन (25) की शादी 2015 में मिलक क्षेत्र के परम का मजरा पट्टी गांव निवासी दीनदयाल से हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ सही चला, लेकिन बाद में दीनदयाल दहेज में कार की मांग करने लगा। सुमन के भाई ओमकार का आरोप है कि उसकी बहन ने कई बार शिकायत की थी। उसका आरोप है कि गुरुवार की सुबह दीनदयाल ने अपने पिता अंगन लाल और मामा मोहन साथ मिलकर सुमन, उसके दो बेटों पंकज (तीन साल) और गौरव (एक माह) को जहर देकर मार डाला। गांव के लोगों ने घटना के बारे में उसके मायके वालों की सूचना दी। दीनदयाल ने भी जहरीले पदार्थ के सेवन का ढोंग किया और मिलक पीएचसी पहुंच गया।
जहां डॉक्टरों ने पुष्टि कर दी कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन नहीं किया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी शगुन गौतम, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ मिलक धर्म सिंह मार्छल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने महिला के पति और उसके भाइयों के साथ भी बातचीत की। महिला के भाई ओमकार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दीनदयाल, उसके पति अंगन लाल, उसके मामा मोहन लाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 498 (ए), 304 (बी), 302, 328, दहेज एक्ट की धारा तीन और चार के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दीनदयाल को हिरासत में ले लिया है।
महिला और उसके दो बच्चों की हत्या की आरोप में पति, ससुर और ममेरे ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला के पति ने परिवार के साथ जहरीले पदार्थ के सेवन का ढोंग रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। डॉक्टरों इस बात की पुष्टि की है महिला के पति ने जहरीले पदार्थ का सेवन नहीं किया था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। इस घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जाएगी।
- शगुन गौतम, एसपी