मुरादाबाद। पीएसी जवान को हनीट्रैप में फंसा कर एक युवती और उसके साथियों ने रकम ठग ली। युवती ने वीडियो कॉल कर पीएसी जवान से अश्लील बातें की और उसका वीडियो बना लिया। जिसे इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी देकर खाते में रकम जमा करा ली। पीड़ित जवान की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित पीएसी मुरादाबाद में तैनात है। उसने पुलिस को बताया कि तीन मार्च को दोपहर करीब एक बजे उसके मोबाइल पर एक युवती ने वीडियो कॉल की। युवती ने उससे अश्लील बातें की। अश्लील हरकतें कीं। मंगलवार दोपहर तीन बजे दोबारा कॉल आई और उसने धमकी दी कि उसका वीडियो बना लिया है। जिससे सोशल मीडिया व इंटरनेट पर अपलोड कर दिया जाएगा। अगर वीडियो को इंटरनेट पर रुकवाना चाहते हैं तो उनके बताए खाते में रकम जमा करा देंगे। पीएसी कर्मी ने 2150 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद आरोपियों ने 2000150 रुपये जमा करने की मांग की। दोबारा 2150 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद 7000 हजार रुपये जमा किए जाने की मांग की। इसके बाद पीड़ित ने रुपये जमा नहीं किए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे धमकी दे रहे हैं कि अगर उसने रुपये जमा नहीं किए गए तो वीडियो को फेसबुक व सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाएगा। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवल मारवाहा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस के जरिये मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है।