ठाकुरद्वारा। जल निगम की लापरवाही की वजह से गोपीवाला गांव में रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। निगम ने 10 दिन पूर्व पानी टंकी से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की आपूर्ति शुरू की। सड़कों पर भी स्टैंड पोस्ट लगाए हैं, लेकिन उनमें टोंटी नहीं लगाई। जिससे पानी नाली में बह रह रहा है।
गांव में करीब दो वर्ष पूर्व जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण हुआ था और पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी। काफी घरों में पानी के कनेक्शन भी हो गए, लेकिन गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी। गांव के धर्मेंद्र सिंह चौहान आदि ने इसके शिकायत कई बार समाधान दिवस, मुख्यमंत्री पोर्टल और एसडीएम से की, तब टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू की गई।
ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जल निगम ने स्टैंड पोस्ट में टोंटी नहीं लगी है। उन्होंने पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल निगम से स्टैंड पोस्ट में टोंटियां लगाने की मांग की। इस बारे में ग्राम प्रधान पति जाकिर हुसैन का कहना है कि घरों में बहुत कम मात्रा पानी में आ रहा है। पानी पूरी तरह शुद्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि पाइप लाइनों से भी पानी लीकेज हो रहा है। उनका आरोप है कि इस संबंध में जब वह जल निगम के अधिकारियों से वार्ता करने का प्रयास करते हैं तो उनके मोबाइल बंद मिलते हैं।