ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। उत्तराखंड की महिला पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी के अपहरण के मामले में पुलिस ने मंगलवार को थाना भोजपुर क्षेत्र के होटल के मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
महिला पुलिस कर्मी ने कोतवाली ठाकुर द्वारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी नाबालिग बेटी ठाकुरद्वारा के गांव में ननिहाल में रहकर कक्षा छह में पढ़ती थी। आठ जनवरी को उसकी बेटी का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पाॅक्सो के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराये हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि नाबालिग ने कुछ लोगों पर अपने साथ दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया है। जिसकी विवेचना की जा रही है। अपहरण के बाद नाबालिग को थाना भोजपुर क्षेत्र के एक होटल में एक दिन रखा गया था। इसलिए इस मामले में होटल के मैनेजर मुरादाबाद के थाना मझोला के गांव डिडोरी निवासी अनिकेत शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।