राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल की टीम ने शानदार शुरुआत की। टीम ने पहले मैच में मिर्जापुर को 27-0 से हराकर बढ़त बनाई। हालांकि, दूसरे मैच में हार मिली, लेकिन तीसरे मैच में टीम ने शानदार वापसी कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टीम की कप्तान रूबी राजपूत कहना है कि टीम को चैंपियन बनाने के लिए सभी खिलाड़ी मैदान पर संघर्ष कर रही हैं। रूबी ने कहा कि शहर में पहली बार बास्केटबाॅल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हो रही है। मेजबान टीम को चैंपियन बनाने का पूरा प्रयास है।
नवीननगर की रहने वाली रूबी पिछले सात साल से बास्केटबाॅल खेल रही हैं। अब तक उन्होंने दर्जन भर से अधिक राज्य स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। साथ ही कई बार प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट में टीम की कमान भी संभाली है। मेरठ में 2021 में खेली गई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वह टूर्नामेंट की मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर भी चुनी गई थीं।
एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली रूबी के पिता मनीष कुमार इंस्पेक्टर हैं और मां शशि रानी शिक्षिका हैं। रूबी बताती हैं कि वह हर रोज तीन घंटे कोर्ट पर अभ्यास करती हैं। स्टेडियम में लड़कियां नहीं आती हैं, इसलिए वह जूनियर लड़कियों और लड़कों के साथ अभ्यास करती हैं, ताकि अपने खेल में और मजबूत हो सकें।
दिल्ली से आकर बनाई टीम में जगह, शानदार प्रदर्शन को बेताब
राज्य स्तरीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंची हैं। इसी क्रम में रामगंगा विहार की रहने वाली रिशा पैसल के खेल का जुनून भी साफ दिखाई दे रहा है। रिशा अपनी 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक कर रही हैं।
उन्हें जब शहर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बारे में जानकारी हुई तो वह वापस शहर लौटीं और जिला व मंडल स्तर पर आयोजित ट्रायल दिया। ट्रायल में सफल होने के बाद रिशा को मुरादाबाद टीम में जगह मिली। उन्होंने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। रिशा के पिता प्रभाकर सिंह व्यवसायी हैं और मां संतोष देवी असमोली ब्लॉक की प्रमुख हैं। चार साल पहले स्कूल स्तर से उन्होंने बास्केटबाॅल की शुरुआत की थी।
इसके बाद वह अब तक छह बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी हैं। मेरठ में मुरादाबाद की टीम ने अंडर-16 वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेडल जीता तो रिशा टीम का हिस्सा थीं और टीम को चैंपियन बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। रिशा बताती हैं कि स्कूल में टीचर की सलाह पर उन्होंने बास्केटबाॅल खेलना शुरू किया था। इसके बाद इस खेल में कॅरिअर बनाने को प्रयासरत हैं। वह टीम को इस टूर्नामेंट में चैंपियन बनाना चाहती हैं।