मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के दो निजी अस्पतालों पर छापा मारा। जहां विशेषज्ञ डाक्टर नहीं मिलने और खामियां मिलने पर अस्पताल का पंजीयन निलंबित कर दिया गया। साथ कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर निजी अस्पताल के डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। वहीं दूसरे निजी अस्पताल बिना पंजीयन चलता मिला। अस्पताल का संचालन करने वाले चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
एसीएमओ डा. डीके प्रेमी ने बताया कि बुधवार को गिली हेल्थ केयर सेंटर करुला की पुलिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोविड-19 प्रोटोकाल का उल्लंघन पाया गया। एनआईसीयू में अप्रशिक्षित कर्मी पाए गए। यही नहीं बाल रोग विशेषज्ञ और सर्जरी के लिए डाक्टर नहीं मिले। जबकि अस्पताल में छह प्रसूता भर्ती थी। अस्पताल के संचालक मौके पर नहीं मिले। इस लापरवाही के लिए एसीएमओ ने अस्पताल का पंजीयन तत्काल निलंबित करते हुए 24 घंटे में अस्पताल खाली कर कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए। वहीं कोविड प्रोटोकाल उल्लंघन के लिए डाक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी है। इसके बाद टीम केजीएन नर्सिंग होम करुला की पुलिया पहुंची। जहां डा. मोहम्मद नईम ओपीडी करते मिले। डाक्टर ने बताया कि उसने अपनी बिल्डिंग नर्सिंग संचालन के लिए दी है। अस्पताल बिना पंजीयन चलता मिला। एसीएमओ ने किरायानामा अनुबंध के मुताबिक अस्पताल का संचालन करने वाले चार लोगों के खिलाफ आईएमसी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।