प्राधिकरण के नियम कायदे को ताक पर रखकर नया मुरादाबाद में ब्राइट स्टार हास्पिटल के लिए तीस फुट से भी अधिक गहरा बेसमेंट खोद दिया गया। जबकि एमडीए के नियमों के मुताबिक बेसमेंट की अधिकतम गहराई जमीन के नीचे साढ़े पांच फुट तक हो सकती है। अधिक गहराई तक खोदे जाने की वजह से बेसमेंट में पानी आ गया है।
जिसे निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि छह माह से दिन रात बेसमेंट से पानी निकालकर नाले में बहाया जा रहा है। जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध कर रहे हैं। 100-50 गज के निर्माण पर नियम - कायदे का पाठ पढ़ाकर घर - दुकान को सील करने वाले एमडीए अफसरों ने ब्राइट स्टार हास्पिटल की इस निर्माणाधीन बिल्डिंग की ओर से आंखें फेर रखी हैं।
इस निर्माणाधीन बिल्डिंग में करीब तीस फुट गहरा बेसमेंट बनाया जा रहा है। रविवार रात मौके पर मौजूद गार्ड्स और कर्मचारियों का कहना था कि बेसमेंट की गहराई करीब तीस फुट है और बेसमेंट खुदाई के बाद नीचे से पानी आ गया है।
पास में गांगन होने की वजह से यहां वाटर लेवल काफी कम है। बेसमेंट में पानी भर जाने की वजह से वहां फर्श नहीं पड़ पा रहा है। इसके लिए पंप लगाए गए हैं ताकि बेसमेंट में भरे पानी को निकाला जा सके।
शहर में तमाम आवासीय इलाकों में भी बेसमेंट धड़ल्ले से बनाए जा रहे हैं। एमडीए का पूरा एक्शन महज नोटिस जारी करने तक सिमटा है। मानचित्र के विपरीत बनाने पर जो बिल्डिंग सील भी की गईं, उनकी सील भी कुछ दिन बाद ही खोल दी गई।