मुरादाबाद। पहली बार होमगार्ड भर्ती के लिए हो रही लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी। शहर में बनाए गए 28 केंद्रों पर तीन दिन परीक्षा चलेगी। जिसमें छह पॉलियों में 74 हजार 592 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों से लेकर रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे तक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने होमगार्ड के 41 हजार 424 पदों पर भर्ती निकाली थी। 25, 26 और 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा होगी। मुरादाबाद में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 19 केंद्रों पर 400-400 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। आठ केंद्र परों 384-384 और एक केंद्र पर 240 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। एक पाली में करीब साढ़े बारह हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सुबह की पॉली की परीक्षा दस बजे से 12 बजे और शाम की पॉली की परीक्षा तीन से पांच बजे के बीच चलेगी।
-
हर केंद्र पर तैनात होंगे तीन- तीन इंस्पेक्टर और उनकी टीम
मुरादाबाद। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तीन-तीन इंस्पेक्टर और उनकी टीम की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा में छह सीओ, 70 इंस्पेक्टर, 207 दरोगा, 114 हेड कांस्टेबल, 331 कांस्टेबल और 265 महिला सिपाही की ड्यूटी लगाई गई है। रोडवेज बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और शहर में 38 प्वाइंटों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इन 38 प्वाइंटों से अभ्यर्थियों को केंद्रों तक जाने में मदद मिलेगी। होटल, ऑटो और रिक्शा चालकों पर भी पुलिस नजर रखेगी कि कोई चालक किसी अभ्यर्थी या उसके अभिभावक से ज्यादा किराया न वसूले। ब्यूरो
-
इन जिलों से आएंगे अभ्यर्थी
मुरादाबाद। शहर में बनाए गए 28 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में अमरोहा, बरेली, बदायूं, बिजनौर, कासगंज, मेरठ, पीलीभीत, रामपुर, संभल और शाहजहांपुर से अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक नहीं चलेंगे रेलवे के मालवाहक वाहन
मुरादाबाद। एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रेलवे के मालगोदाम में आने और जाने वाले वाहनों पर सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। रोडवेज और निजी बसों का संचालन होता रहेगा।