पुलिस लाइन में हुआ होलिका दहन।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। शहर में होली की धूम शुरू हो गई है। होली और शब-ए-बरात के मद्देनजर रविवार को नगर निगम ने विशेष सफाई व्यवस्था कराई। शहर के मुख्य चौराहों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के घर के बाहर आकर्षक रंगोली बनाई गई। शहर में करीब 350 स्थानों पर बनी होलिका का पूजन किया।
रविवार की सुबह से शुरू हुआ होलिका पूजन का सिलसिला देर शाम तक चला। शहरवासियों ने शाम को हर्षोल्लास के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद मंगल कामना के साथ एक-दूसरे को खूब रंग-गुलाल लगाया। सुबह से ही युवा साथियों के साथ बाइकों पर टोलियां बनाकर रंग लगाने के लिए निकले। चौराहों पर होली रखने से पहले रंगोली बनाई गई थी। कई स्थानों पर होलिका स्थल पर आकर्षक सजावट की गई थी। रंग-बिरंगी झालरें लगाईं गईं थीं। सुबह के समय महिलाएं और युवतियां होली के गीत गाते हुए होली की पूजा करने के लिए चौराहों पर पहुंची। पूजा थाल में जल, रोली, फूल माला, चावल, गुड़, जौ की बालियां, सूत और घरों में बने पकवान रखे हुए थे। उन्होंने पांच या सात परिक्रमा कर होलिका पर कच्चा सूत बांधा और पूजन किया। साथ ही सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि की कामना की। जयकारे लगाकर परिक्रमा की और फिर होलिका दहन किया। होलिका दहन के साथ जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई। वहीं, शहर में नगर निगम ने रविवार सुबह को विशेष सफाई अभियान चलाया। शहर के सभी 70 वार्डों में दो शिफ्टों में सफाई का दावा किया गया। नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौराहों, डिफेंस चौराहा, पीली कोठी, प्रकाश नगर, सिविल लाइंस ,महिला थाना, आदि दर्जनों चौराहों पर शानदार आकर्षक रंगोली बनाई गई थी। विधायक, महापौर सहित शहर में रहने वाले जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के आवास के आसपास सफाई करके रंगोली बनाई गई। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी रणवीर सिंह ने शहर में दौरा कर सफाई व्यवस्था को परखा। उधर, रविवार को शब-ए-बरात के चलते कब्रिस्तानों के आसपास भी चूना डलवाया।