कमाल अख्तर से अमीर हैं उनकी पत्नी
- पांच साल में घटी पूर्व मंत्री कमाल की खुद की चल संपत्ति, पत्नी व पुत्रों की संपत्ति में इजाफा
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। जिले की कांठ विधानसभा सीट से नामांकन कराने वाले सपा प्रत्याशी कमाल अख्तर की खुद के नाम की संपत्ति घटी है, लेकिन उनकी पत्नी व बच्चों की संपत्ति में काफी इजाफा हुआ है। बात अगर कमाल अख्तर और उनके परिवार की करें तो ओवरऑल बीते पांच साल में करोड़ों की संपत्ति बढ़ गई है।
पांच साल पहले कमाल अख्तर के पास करीब 97 लाख रुपये व पत्नी के पास 22 लाख रुपये की चल संपत्ति थी। अब पत्नी की चल संपत्ति बढ़ कर 24.28 लाख रुपये हो गई है, जबकि कमाल अख्तर की चल संपत्ति घट कर 27.62 लाख रुपये रह गई है। एक पुत्री पर 22 हजार रुपये, एक बेटे पर करीब 30 लाख रुपये व दूसरे पर करीब 26.44 लाख रुपये की चल संपत्ति भी है।
वर्ष 2017 में कमाल अख्तर के तीन अलग-अलग बैंक खातों में करीब 69 लाख रुपये रुपये थे। उनकी पत्नी के दो बैंक खातों में करीब 9.28 लाख रुपये थे। अब कमाल अख्तर के बैंक खातों में करीब 15.17 लाख रुपये व पत्नी के बैंक खातों में 4.27 लाख रुपये हैं। पांच साल पहले कमाल अख्तर के पास 60 लाख रुपये की, पत्नी पर 30 लाख रुपये की, पुत्रों पर 20-20 लाख रुपये की अचल संपत्ति थी। अब कमाल अख्तर के पास 71 लाख, पत्नी के पास 5.38 करोड़, बच्चों पर 36-36 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। पत्नी पर पंजाब नेशनल बैंक का 2.82 करोड़ रुपये का कर्ज भी है।
विधि स्नातक तक शिक्षित कमाल अख्तर व उनकी पत्नी उमैरा के पास मौजूद सोने में कोई वृद्धि नहीं हुई है। पांच साल पहले भी उनके पास क्रमश: 100 ग्राम व 400 ग्राम सोना था और अब भी वही है। पूर्व मंत्री व उनके परिवार के पास कोई वाहन नहीं है। एक रायफल व रिवाल्वर कमाल अख्तर के नाम है।