मुरादाबाद। दबंग युवकों ने हिंदू जागरण मंच (हिंजामं) के महानगर महामंत्री के घर में घुसकर मारपीट की। आरोपी युवकों ने उनके भाई और परिजनों को भी मारापीटा। वहीं सिविल लाइंस थाने में शिकायत कर मेडिकल कराने जाते समय भी आरोपियों ने हिंजामं नेता पर हमला बोला। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के प्रकाश इंक्लेव निवासी विश्वास सक्सेना हिंदू जागरण मंच में महानगर महामंत्री हैं। शनिवार को उनके छोटे भाई वैभव का ग्रांट साईं सेलिब्रेशन में तिलक कार्यक्रम था। बताया जाता है कि पड़ोस में रहने वाले युवक अपने साथियों के साथ कार्यक्रम में पहुंच गए। जहां आरोपी युवक डीजे पर युवतियों से छेड़खानी करने लगे। मना करने पर आरोपी युवकों ने हंगामा किया। लोगों के समझाने पर युवक कार्यक्रम से चले गए। लेकिन रविवार सुबह आरोपी युवकों ने विश्वास सक्सेना के घर पर चढ़ाई कर दी। घर में तोड़फोड़ की। भाई वैभव और परिजनों के साथ मारपीट की गई।
घायल विश्वास सिविल लाइंस पहुंचकर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी। जिसपर पुलिस ने उन्हें मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस दौरान रास्ते में आरोपी युवकों ने दोबारा हमला बोल दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी ऋषभ, अमित, अनगपाल और विजय गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।