फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: पिता ने कहा था अमीर लड़के से ही होगी शादी...बेटी गरीब प्रेमी को रईस बनाने में लग गई

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। हर पिता का ख्वाब होता है कि उसकी बेटी अच्छे घर जाए। सारी सुख सुविधाएं मिलें। कारोबारी मोहम्मद इमरान के भी यही अरमान थे। कई दफा बेटी के सामने भी अपनी इच्छा प्रकट की थी। लेकिन बेटी अरीबा तो अपने गरीब प्रेमी अरशद को ही जीवन साथी बनाने के सपने देख रही थी। उसने अपने पिता की ही दौलत से अरशद को रईस बनाने का पूरा प्लान बना लिया। पिता के घर से रुपये गायब कर बीच बीच में प्रेमी को देने लगी। लेकिन इस बार बड़ा हाथ मारने का प्लान बना डाला। प्रेमी से अपने पिता के घर में ही डाका डलवा दिया। एक करोड़ 20 लाख रुपये की नकदी और छह तोला सोना लुटवा दिया। पुलिस ने यह सनसनीखेज खुलासा किया था। अब पुलिस ने अरीबा, उसके प्रेमी अरशद समेत दस लोगों के खिलाफ जो 500 पेज की चार्जशीट तैयार की है उसमें सभी डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों को शामिल किया गया है।
विज्ञापन

दस मई की रात को बीच शहर में बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड निवासी कारोबारी मो. इमरान के घर डकैती की वारदात ने पुलिस को भी बेचैन कर दिया था। जिस कोठी के हर दरवाजे पर डिजिटल लॉक लगा हो वहां वारदात कैसे हो सकती है। घटना की रात पुलिस को जो जानकारी मिली उसके मुताबिक बदमाश डिजिटल लॉक खोलकर घर में घुसे थे। बदमाशों ने मो. इमरान, उनकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को तमंचों के बल पर लेकर एक करोड़ 20 लाख रुपये की नकदी और छह तोला सोना लूट लिया था। पुलिस ने भी इस वारदात को चुनौती के रूप में लिया और खुलासे के लिए साक्ष्य तलाशने शुरू किए। पड़ताल का पहला बिंदु यही रहा कि आखिर डिजिटल लॉक खुला तो खुला कैसे। इसका मतलब घर में ही कोई भेदिया है। पुलिस ने सभी के मोबाइल कब्जे में लेकर जांच करना शुरू किया। जब मजबूत साक्ष्य इकट्ठा हो गए तब पुलिस ने तीन दिन बाद (13 मई) को कारोबारी की बेटी अरीबा, उसके प्रेमी अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मकदूमपुर निवासी अरशद वारसी, मझोला के मनोहरपुर निवासी कुलदीप, रवि और निक्की समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। खुलासा भी चौंकाने वाला निकला। कारोबारी की बेटी अरीबा ने ही अंदर से मकान का डिजिटल लॉक खोल कर प्रेमी अरशद और उसके साथियों को घर के भीतर बुलाकर वारदात करवाई थी। आरोपियों के पास से पुलिस ने 47 लाख 24 हजार रुपये भी बरामद कर लिए थे। 17 मई को पुलिस ने अमरोहा जिले के गजरौला थाना के पपसरा खादर निवासी नदीम, तिगरिया भूड़ निवासी सतेंद्र उर्फ बिट्टू और आदित्य को गिरफ्तार कर 23 लाख पांच हजार रुपये की नकदी बरामद की थी। इस घटना में शामिल अमरोहा जिले के नौनेर गांव निवासी रोहित और अमरोहा जिले के बछरायूं थाना क्षेत्र के फिरोजपुर निवासी अंकित भी शामिल थे लेकिन दोनों पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में आत्मसमर्पण जेल ले गए थे। 12 जून को पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की और पाकबड़ा के पास एक खंडहर में छिपाकर रखे 29.40 लाख रुपये बरामद किए थे। इस मामले में सभी दस आरोपी जेल में बंद हैं। पुलिस ने इस मामले की तफ्तीश पूरी करने के बाद चार्जशीट तैयार कर ली है। मोबाइल कॉल डिटेल, अन्य साक्ष्यों और बयानों से सामने आया है कि कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी अरशद के बीच आठ साल पुराने संबंध थे। अरीबा उससे शादी करना चाहती थी लेकिन प्रेमी की गरीबी आड़े आ रही थी। इसलिए अरीबा ने ही प्रेमी की गरीबी दूर करने के लिए अपने घर में डकैती डलवाने की साजिश रची थी। इसके बाद अरशद ने बदमाशों को अपने साथ शामिल कर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि कारोबारी के घर डकैती के मामले में चार्जशीट तैयार हो गई है। इससे जल्द ही कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें