ठाकुरद्वारा। क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। क्षेत्र को दो सेक्टर में बांटकर एसडीएम ने अधिकारियों को मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया है।
क्षेत्र में कांवड़ यात्रा सुरक्षित संपन्न कराने के लिए 15 स्थान पर बैरियर लगाए जा रहे हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि बैरियर तिकोनिया, काशीपुर रोड वन विभाग चेक पोस्ट, जसपुर मार्ग पर मसतल्लीपुर के पास, सुरजननगर, भायपुर, रतूपुरा चौराहा आदि स्थान पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर बड़े वाहन डंपर आदि प्रतिबंधित रहेंगे। शुक्रवार को रात 12:00 बजे से सोमवार को रात 8:00 बजे तक बड़े वाहनों को प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए जगह-जगह पुलिस की पिकेट तैनात की जाएंगी। उधर क्षतिग्रस्त यात्रा मार्ग की सड़क की मरम्मत पीडब्ल्यूडी ने शुरू करा दी है लेकिन बड़े गड्ढों की ही मरम्मत हो रही है। सड़क पर छोटे गड्ढे अभी भी वैसे ही हैं। यदि छोटे गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई तो उनसे दुर्घटना भी हो सकती है।