मुरादाबाद। पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही अवैध शराब के तस्कर सक्रिय हो गए। गुरुवार को पाकबड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से करीब ढाई लाख रुपये की कीमत की शराब बरामद की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में कबूला है कि वह पंचायत चुनाव में खपाने के लिए हरियाणा प्रदेश की शराब लेकर आ रहे थे।
पाकबड़ा थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव 2021 के मद्देनजर गैर प्रदेशों से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब की बरामदगी को पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार से हरियाणा से शराब लाई जा रही है, जिससे पाकबड़ा क्षेत्र के गांवों में बेचा जाएगा। पुलिस ने पाकबड़ा कस्बे में कैलशा रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक लग्जरी कार आई। टीम ने घेराबंदी कर कार रुकवा ली। कार को चेक किया गया तो उसमें शराब की पेटियां लदी हुईं थीं। पुलिस ने कार से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ करने पर कार सवार आरोपियों ने अपने नाम हसन और यामीन निवासीगण डींगरपुर थाना मैनाठेर और तीसरे ने अपना नाम जावेद निवासी ढकिया चमन थाना डिडौली जनपद अमरोहा बताया है। सफेद रंग की स्कार्पियो कार से पुलिस ने 33 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब हरियाणा प्रदेश की बताई जा रही है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पाकबड़ा थाने में आबकारी अधिनियम व अन्य धाराओं में केेस दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि शराब हरियाणा से लाकर यहां पंचायत चुनाव के हिसाब से पाकबड़ा व मैनाठेर, कुंदरकी क्षेत्र के गांवों में बेचने के लिए लाए थे।