मुरादाबाद। शहर की सड़कों पर हादसों का सबब बने बिजली के बेतरतीब खंभों और बाजारों में मकड़जाल की तरह फैले केबल के गुच्छों पर आखिरकार प्रशासन सख्त हो गया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने विद्युत निगम को अभियान चलाकर सड़क किनारे लगे खराब और अव्यवस्थित बिजली के खंभे हटाने तथा तारों के गुच्छों का जल्द स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि भविष्य में नया बिजली का खंभा लगाने से पहले एसडीएम और क्षेत्राधिकारी पुलिस से समन्वय करना अनिवार्य होगा।
अमर उजाला ने लगातार लोगों के इन मुद्दों को उठाया है। इसके बाद बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने बरसात के मौसम को देखते हुए झुके और क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खंभों पर सुरक्षा के लिए पॉलिथीन कवर और रिफ्लेक्टर टेप लगाने को कहा, ताकि करंट लगने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। बैठक में एनएचएआई की ओर से बताया गया कि छह अवैध कट बंद कर दिए गए हैं। इस पर डीएम ने सभी बंद कटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि दोबारा कट खोलने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों पर भी सख्त निगरानी के आदेश दिए गए।
एमडीए सचिव ने बताया कि जिले के 133 होटल, बैंक्वेट हॉल और मैरिज हॉल में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं मिली है। इन्हें नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 12 मामलों में जांच जारी है। डीएम ने रोडवेज चालकों की संख्या का ब्योरा तलब करते हुए तीन महीने के भीतर सभी चालकों की आंखों की जांच और यातायात नियमों का प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा कांठ, संभल और बिलारी मार्ग के आबादी वाले हिस्सों में एलईडी और सोलर लाइट लगाने तथा अवैध वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।