मुरादाबाद। हजयात्रा 2021 के लिए आवेदन को एक माह का मिला मौका भी आवेदकों की संख्या नहीं बढ़ा सका। कल (रविवार) आवेदन की अंतिम दिन है, लेकिन अभी तक पिछले साल की तुलना सिर्फ सात फीसदी ही आवेदन हो सके हैं। जबकि आवेदकों के लिए आवेदन की तारीख दस दिसंबर से बढ़ाकर दस जनवरी की गई थी। कम आवेदन की वजह कोरोना संक्रमण, हजयात्रा का बढ़ा किराया और बदलाव बताई जा रही है।
कोरोना संक्रमण के बीच हजयात्रा 2021 के लिए सात नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। आवेदन की अंतिम तारीख दस दिसंबर तय की गई थी, लेकिन आवेदन प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ सकी। दो दिसंबर तक प्रदेश में सिर्फ तीन हजार आवेदन हुए थे। जो पिछले साल की तुलना में दस फीसदी थी। इसके बाद आवेदन की तारीख बढ़ाकर दस जनवरी कर दी गई। रविवार को आवेदन का अंतिम मौका है। हज कमेटी के ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम का दावा है कि जिले से ढाई सौ से भी कम आवेदन हुए हैं, जबकि पिछले जिले से साढ़े तीन हजार से अधिक आवेदन किए थे। पिछले साल की तुलना में सात फीसदी ही आवेदन हो सके हैं। किराए बढ़ने, नियमों में बदलाव और कोरोना संक्रमण के चलते लोगों आवेदन में रुचि कम दिखाई।
यह बदलाव भी कम आवेदन के बने कारण
- 18 से कम और 65 से अधिक यानी बुजुर्गों के हजयात्रा पर पाबंदी
- हजयात्रा पर एक साथ अधिकतम तीन लोग ही जा सकेंगे
- हजयात्रा पर आजमीनों को सिर्फ अजीजिया कैटेगरी की सुविधा मिलेगी
- पहली किस्त में डेढ़ लाख रुपये जमा करने होंगे