रामपुर। नैनीताल रोड पर राज्य चीनी निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गईं 98 दुकानों पर सोमवार को नगर पालिका का बुलडोजर चला। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया था। पालिका ने सभी दुकानों पर एक सप्ताह पहले लाल निशान लगाए थे, जिसके बाद दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया था।
हल्की बूंदाबांदी के बीच सोमवार की सुबह करीब आठ बजे नगर पालिका परिषद के निर्माण खंड की टीम जेसीबी लेकर नैनीताल रोड पर पहुंची। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। सबसे पहले पालिका की टीम डालमिया हॉस्पिटल के पास पहुंची। यहां पर लाइन से बनीं पांच दुकानों को ध्वस्त कर दिया। लाल निशान लगाए जाने के बाद ही दुकानदारों ने पहले ही यहां से अपना सामान हटा लिया था।
इसके बाद एक के बाद एक दुकान अन्य दुकानें ढहा दी गईं। अधिकारियों के अनुसार राज्य चीनी निगम की सात हेक्टेयर जमीन पर अवैध कब्जा कर यह दुकानें बनाई गई थीं। सभी दुकानों को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया।
इसके बाद टीम राधा सिनेमा रोड पर पहुंची। यहां पर कई लोगों ने पक्के अतिक्रमण करा लिए थे। इसे भी जेसीबी की मदद से गिरा दिया गया।
इस तरह सोमवार को कुल 98 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। नगर पालिका लगातार अवैध रूप से किए अतिक्रमण को हटा रही है।