मुरादाबाद। फर्जी पते पर किरायेदार बनकर फर्जी एग्रीमेंट कराया। इस फर्जी पत्ते व एग्रीमेंट पर विद्युत कनेक्शन का बिल भी लगा दिया। इस फर्जीवाड़े के सहारे लोहा कारोबारी अंकित कुमार ने देशभर में 122 फर्जी फर्में खड़ी कर दी। खुलासे के बाद राज्य कर विभाग ने सिविल लाइन थाने में दो एफआईआर दर्ज कराई हैं। दोनों मामलों में कारोबारी अंकित कुमार सहित नौ लोगों और दो ट्रांसपोर्ट फर्मों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
राज्य कर के वरिष्ठ कार्यालय सहायक पिंकू कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सचल दल इकाई द्वितीय से जुड़े अधिकारी कांठ रोड पर 25 अक्तूबर को चेकिंग कर रहे थे। जांच के दौरान लोहे से लदे ट्रक को पकड़ने के बाद शाहजहांपुर जिले के पाकड़ चौकी निवासी चालक प्रभारी सुहैल से कागजात लिए। कागजात देखने पर पता चला कि माल की आपूर्ति एके इंटरप्राइजेज राजाजीपुरम, आवास विकास कॉलोनी, लखनऊ के अंकित कुमार ने मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइंस रोड रामपुरी गेट स्थित फर्म सौरभ इंटरप्राइजेज को की है।
इस मामले में राज्य कर के अधिकारियों ने आपूर्तिकर्ता फर्म स्वामी अंकित कुमार के दो फोन नंबरों की जांच की। कारोबारी ने जीएसटी में पंजीयन प्राप्त करने के लिए राजाजीपुरम आवास विकास कॉलोनी लखनऊ का पता दिया था। साथ ही खुद को मकान मालिक प्रवीन कुमार श्रीवास्तव का किरायेदार बताया था। जीएसटी पोर्टल पर उसने किराये का एग्रीमेंट भी अपलोड किया था। घोषित पते पर उसने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम से प्राप्त विद्युत कनेक्शन का बिजली बिल भी लगाया था।
वहीं राज्य कर कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रमोद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सचल दल दस्ता छह के अधिकारी ने उमरी चौराहे पर 24 अक्तूबर को चेकिंग के दौरान लोहे से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। इस ट्रक के चालक प्रभारी सिपते हसन ने खुद को मदारपुरालालपुर डींगरपुर का रहने वाला बताया। इस ट्रक पर माल एके इंटरप्राइजेज के मालिक अंकित का पाया गया। इस ट्रक के माल को भी मुजफ्फरनजर भेजा जा रहा था।
00
पहले मुकदमे में फर्म मालिक समेत सात आरोपी
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने में राज्य कर सचल दल इकाई द्वितीय के वरिष्ठ सहायक कार्यालय पिकू कुमार ने लखनऊ के राजाजीपुरम आवास विकास कॉलोनी निवासी एवं फर्म स्वामी अंकित कुमार, हरदोई के कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहलिया शिवपार निवासी सुहेल, शाहजहांपुर के पाकड़ चौकी निवासी वाहन चालक प्रभारी सुहेल, शाहजहांपुर के रोड कैरियर निवाजपुर निवासी ट्रांसपोर्ट कंपनी कपूर संचालक, शाहजहांपुर के मोहल्ला वकसरिया निवासी विपिन कुमार, मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस रामपुरी स्थित इंटरप्राइजेज के क्रेता सौरभ और सीतापुर जिले के सुंदर नगर रोड हर गांव निवासी सौरभ मिश्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4),338, 336(3),340(2) में केस दर्ज किया गया है।
00
दूसरा दूसरे मुकदमे में भी फर्म स्वामी समेत सात आरोपी
- सिविल लाइंस थाने में दूसरा मुकदमा राज्य कर सचल दल इकाई छह के वरिष्ठ सहायक कार्यालय प्रमोद कुमार ने लखनऊ के राजाजीपुरम आवास विकास कॉलोनी निवासी अंकित कुमार, मैनाठेर के ताहरपुर निवासी भूरे अली, मुरादाबाद के मदारपुर लालपुर गंगवारी निवासी सिपते हसन, सीतापुर जुलाही टोला रोड बिसवां स्थित न्यू इमरान रोड लाइन ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्वामी, मुजफ्फर नगर सिविल लाइंस के रामपुरी रोड सौरभ, सीतापुर के सुंदरनगर रोड हरगांव निवासी सौरभ मिश्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4), 338, 336(3), 340 (2) में केस दर्ज किया गया है।
00
मकान स्वामी पहले की दर्ज करा चुके हैं मुकदमा
- मकान मालिक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव पर कॉल कर राज्य कर अधिकारियों ने बातचीत की। उन्होंने बताया कि अंकित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी 24 खयालीगंज, कैसरबाग, कोतवाली कंपाउंड के पीछे, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास, लखनऊ को व्यापार करने के लिए अपने आवास को किराये पर कभी नहीं दिया था। उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में उन्होंने थाना तालकटोरा, राजाजीपुरम में तहरीर देकर अंकित कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया है।