मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा और रामपुर की लकड़ी की पांच फर्मों पर की कार्रवाई में राज्य कर की टीम ने 4.66 करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी है। इन फर्मों ने 24.58 करोड़ का टर्नओवर किया है। जांच के दौरान रामपुर के एक फर्म मालिक ने तत्काल 10.86 लाख रुपये जमा कर दिया जबकि ठाकुरद्वारा की एक फर्म फर्जी मिली है। इस मामले में राज्य कर के अधिकारी एफआईआर दर्ज कराएंगे।
जीएसटी चोरी में लिप्त लकड़ी की फर्मों के टर्नओवर के डाटा का विश्लेषण करने के बाद बृहस्पतिवार को छापा मारने के लिए पांच टीमें बनाई गई। दो टीमों ने ठाकुरद्वारा और तीन टीमों ने रामपुर जिले में छापा मारा। जांच में रामपुर की तीन फर्मों पर 7.31 करोड़ का टर्नओवर पाया गया। तीनों फर्मों पर 1.315 करोड़ की जीएसटी चोरी पाई गई। एक फर्म ने 10.86 लाख रुपये तत्काल जमा कर दिए। वहीं ठाकुरद्वारा की दो फर्मों ने 17.27 करोड़ का टर्नओवर कर 3.34 करोड़ की जीएसटी चोरी की। जांच के दौरान ठाकुरद्वारा की विनोद ट्रेडर्स फर्जी पाई गई। अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गड़बड़ी करने वाली संबंधित फर्मों की आईटीसी निरस्त कराई जाएगी। एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
00
लकड़ी की तीन गाड़ियां पकड़ी गई
अपर आयुक्त ग्रेड-2 आरए सेठ ने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा में जांच के दौरान लड़की की तीन गाड़ियां पकड़ी गई हैं। विभाग के अधिकारी गाड़ियों में लदे माल के स्वामी के बारे में पता लगा रहे हैं। इस मामले में वाहन चालकों से पूछताछ के आधार पर तस्दीक किया जा रहा है।