मुरादाबाद। त्योहारों के मौसम में सोना-चांदी खरीदने की परंपरा अब डिजिटल निवेश का रूप भी ले रही है। धनतेरस और दीपावली पर लोगों का रुझान डिजिटल गोल्ड और सिल्वर की ओर बना हुआ है। निजी एजेंसियों के अनुमानित आंकड़े के मुताबिक शहर में 40 हजार से अधिक लोगों ने डिजिटल गोल्ड में निवेश किया है, जबकि करीब 31 हजार लोगों ने ऑनलाइन चांदी खरीदी है। कीमती धातुओं के दामों में उछाल ने निवेशकों का उत्साह और बढ़ा दिया है।
अब लोगों को सोना-चांदी खरीदने के लिए ज्वेलरी की दुकान तक जाने या एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। डिजिटल गोल्ड और सिल्वर खरीदने का सबसे बड़ा आकर्षण कम रकम से निवेश शुरू करने की सुविधा है। मोबाइल फोन पर उपलब्ध निवेश प्लेटफॉर्म, कुछ भुगतान एप और संबंधित कंपनियों के माध्यम से लोग 10, 50, 100 या अपनी क्षमता के अनुसार अधिक रकम का सोना-चांदी खरीद सकते हैं। खरीदी गई धातु की मात्रा ग्राम या मिलीग्राम में खाते में दर्ज हो जाती है। इसकी कीमत बाजार में सोने-चांदी के भाव के अनुसार घटती-बढ़ती रहती है। इसके अलावा आभूषणों की तरह मेकिंग चार्ज और घर में रखने की सुरक्षा की चिंता से बचने का आकर्षण भी है।
कैसे होता है डिजिटल निवेश
डिजिटल गोल्ड या सिल्वर खरीदने के लिए संबंधित प्लेटफॉर्म पर खाता बनाना होता है। इसके बाद रकम डालकर मौजूदा भाव पर सोना या चांदी खरीदी जा सकती है। प्लेटफॉर्म से जुड़ी कंपनी खरीदी गई धातु के बराबर सोना-चांदी सुरक्षित तिजोरी में रखने का दावा करती है। निवेशक अपने खाते में इसकी मात्रा और मौजूदा कीमत देख सकते हैं। जरूरत पड़ने पर इसे प्लेटफॉर्म पर बेचकर रकम बैंक खाते में ली जा सकती है। कुछ सेवाओं में निर्धारित मात्रा पूरी होने पर सिक्के या अन्य भौतिक उत्पाद के रूप में डिलीवरी लेने का विकल्प भी मिलता है। हालांकि, इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।
निवेशकों को नहीं मिलता सेबी का संरक्षण
निवेश से पहले कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। डिजिटल गोल्ड और सिल्वर में निवेश को बैंक में जमा रकम की तरह सुरक्षित या निश्चित मुनाफे वाला नहीं माना जा सकता। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने 8 नवंबर 2025 को डिजिटल गोल्ड को लेकर चेतावनी जारी की थी। सेबी के मुताबिक, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऐसे डिजिटल गोल्ड उत्पाद उसके नियामकीय दायरे में नहीं आते। इनमें कंपनी के स्तर पर गड़बड़ी या संचालन संबंधी जोखिम हो सकते हैं। निवेशकों को सेबी के संरक्षण का लाभ भी नहीं मिलता। इसके अलावा खरीद और बिक्री के भाव में अंतर तथा डिलीवरी शुल्क की जानकारी पहले लेनी चाहिए। निवेशकों के लिए गोल्ड ईटीएफ और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (ईजीआर) जैसे सेबी के नियमन वाले विकल्प भी मौजूद हैं।
वर्जन
डिजिटल गोल्ड और सिल्वर ने छोटी रकम से निवेश का रास्ता आसान किया है। त्योहारों पर लोग अपनी बचत का एक हिस्सा कीमती धातुओं में लगाना चाहते हैं। हालांकि, निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता, खरीद-बिक्री का अंतर और छिपे शुल्क जरूर समझने चाहिए।
- आलोक श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार
सोना-चांदी महंगाई और बाजार की अनिश्चितता के बीच निवेश का एक विकल्प हो सकते हैं, लेकिन इनके भाव हमेशा बढ़ेंगे, इसकी गारंटी नहीं है। डिजिटल गोल्ड में सेबी का नियामकीय संरक्षण नहीं है। निवेशक को जोखिम समझकर ही रकम लगानी चाहिए।
- अजय कुमार, चार्टर्ड एकाउंटेंट