स्थानीय सपा विधायक मोहम्मद फहीम ने कहा है कि नगर क्षेत्र में डूडा के तहत सड़कें बनने और डिवाइडर के लिए प्रदेश शासन ने दस करोड़ रूपये मंजूर कर दिए हैं।
शनिवार की अपराहन नगर के लोनिवि निरीक्षण भवन में पत्रकार वार्ता में सपा विधायक ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मंडी समिति भवन के लिए 13 करोड़, अगिभनशमन केंद्र के लिए 12 करोड़, नगर में शाहबाद रोड और सिरसी रोड पर डिवाइडर बनने के लिए छह करोड़, नगर की अल्पसंख्यक और मलिन बस्तियाें में डूडा के तहत सड़कें बनने के लिए चार करोड़ रूपये मंजूर कर दिए हैं।
विधायक फहीम के मुताबिक क्षेत्र के गरीब रोगियाें को अब तक पीजीआई लखनऊ या एम्स दिल्ली में इलाज कराने के बाद ही विधायकों की सिफारिश पर शासन से आर्थिक मदद मिल पाती थी। अब मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के कॉसमॉस हॉस्पिटल में उपचार कराने वाले रोगी को निर्धारित खर्च बिल और बाउचर देने पर भी शासन से धनराशि मंजूर करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विधायक ने बताया कि बिलारी में हाईवे के किनारे तेवरखास गांव के पश्चिम में गांवसभा की जो खाली भूमि पड़ी हुई है उस पर अग्निशमन केंद्र और मंडी समिति बनवाई जाएगी। दोनों नए स्थलाें पर निर्माण शुरू होने के लिए हाईवे से लेकर निर्माण स्थल तक उनकी निधि से खड़ंजा बनवाया जाएगा।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि बिलारी नगर में सिरसी रोड रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराकर पुल चालू करा दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष हाजी उस्मान, विस क्षेत्र अध्यक्ष इश्तयाक सैफी, जिला योजना समिति सदस्य देवेश शर्मा, छात्रसभा के नेता सौरभ यादव, योगेंद्र ठाकुर, हाजी शरीफुद्दीन पाशा आदि मौजूद रहे।