मुरादाबाद। उद्यान मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने आलू क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में कहा कि रूफ टॉप गार्डनिंग (छत पर बागवानी) समय की आवश्यकता बनती जा रही है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इसे प्रोत्साहित करना शुरू किया है, पहली बार इसके लिए बजट भी आवंटित किया है।
यह प्रयास रहेगा कि साल के 12 महीनों में लोग कम से कम तीन महीने तो रसायनरहित अपनी छत, लॉन, गमलों, ग्रो बैग आदि में उगाई हुई ताजा सब्जियां खाएं। उन्होंने यह भी कहा कि तीन महीने की केमिकल रहित सब्जियां खाने से कम से कम पांच साल उम्र भी बढ़ाएंगी। दवा का खर्च कम होगा। उन्होंने चार महीने पहले ही उन्होंने सरकार के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकार करते हुए पहली बार बजट भी जारी कर दिया गया है। इसकी एक कार्ययोजना तैयार करके रूफ टॉप गार्डनिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
राज्यमंत्री ने कई उदाहरण देकर लोगों का आह्वान किया कि टमाटर, मिर्च, धनिया, पालक और मेथी जैसी सब्जियां आसानी से उगाई जा सकती हैं। इससे न केवल लोगों को ताजा और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिलती है, बल्कि घरों का तापमान भी कम रहता है और वातावरण शुद्ध होता है।