मुरादाबाद। जीआरपी के मुरादाबाद क्षेत्र में सक्रिय जेवर चोर गैंग ने एक और घटना को अंजाम दे दिया। देहरादून से दिल्ली के बीच चलने वाली मसूरी एक्सप्रेस में महिला यात्री के गले से सोने की चेन खींच ली। दूसरे कोच में एक और महिला के गहने चोरी हो गए। मामला जीआरपी थानाक्षेत्र के मंडी धनौरा रेलवे स्टेशन का है। महिला हरिद्वार से दिल्ली की यात्रा कर रही थी।
तहरीर के मुताबिक वह एस-2 कोच में सवार थी। तड़के 3:15 बजे एक चोर ने उसके गले से 30 ग्राम की सोने की चेन खींची और भाग निकला। शोर मचाने पर भी किसी से जंजीर खींचकर ट्रेन नहीं रोकी। महिला के भाई ने जीआरपी व रेलवे प्रशासन को टैग कर एक्स पर पोस्ट भी किया। ऐसी ही घटना ट्रेन के एस-3 कोच में हुई। एक अन्य महिला की सोने की चेन चोरी हो गई। गजरौला में मामले की तहरीर दी गई। एसपी रेलवे के एक्स एकाउंट से पोस्ट किया गया है कि मामले की रिपोर्ट मुरादाबाद जीआरपी थाने में दर्ज की गई है।