संभल। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शादी से 14 दिन पहले प्रेमी संग चली गई। इस सदमें में युवती की 50 वर्षीय मां ने फंदे से लटक कर जान दी है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर में शव फंदे से लटका मिला। वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस ने युवती को बहला फुसला कर ले जाने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ग्रामीणों के अनुसार युवती की बरात कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव से 18 दिसंबर को आनी थी। 17 दिसंबर को लग्न तय हुई थी। बताया कि सोमवार की दोपहर युवती बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार की शाम किसी युवक के साथ जाने की बात पता चली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। युवती की मां सदमें डूब गई। सारी रात परिजन युवती की तलाश में लगे रहे लेकिन युवती नहीं मिली। मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे युवती की मां का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। हालांकि परिजन मामले को दबाने में जुटे हैं। परिजनों का कहना है कि हार्टअटैक से मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर कोतवाली प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि युवती को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है। युवती की तलाश की जा रही है। युवती की मां के मरने की जानकारी कराई गई थी जिसमें उसके परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने की जानकारी दी है।
युवती अपनी पांच बहन और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। शादी की तैयारी काफी समय से चल रही थीं। अब तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी। अचानक युवती प्रेमी संग चली गई तो यह खुशियां गम में तब्दील हो गईं। इससे ही आहत होकर मां ने जान दे दी।