मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र की युवती सगाई के एक दिन पहले घर से दो लाख रुपये और जेवरात लेकर चंपत हो गई। मां की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइंस क्षेत्र की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 23 साल की बेटी की शादी अमरोहा में एक युवक के साथ तय थी। सगाई के लिए सात जनवरी को अमरोहा जाना था लेकिन छह जनवरी की सुबह दस बजे उसकी बेटी दुकान से सामान लेने का बहाना बनाकर घर से निकली। इसके बाद लौटकर नहीं आई। मां का आरोप है कि बेटी घर से शादी के लिए रखे हुए दो लाख रुपये और दो तोले सोने के जेवरात लेकर गई है। उसने बेटी के नाम पर बैंक में 80 हजार रुपये जमा किए थे। खाते की जांच कराने पर पता चला कि वह 65000 रुपये निकाल चुकी है। तीन साल पहले उसने बेटी की शादी दलपतपुर पट्टी मूंढापांडे निवासी इस्लाम उर्फ मोनू के लिए बातचीत की थी। उस समय बेटी ने मोनू के साथ शादी से इंकार कर दिया था। इस बीच मोनू ने उसकी बेटी का फोन नंबर ले लिया। दोनों के बीच बातचीत करना शुरू किया। आशंका है कि उसकी बेटी मोनू के साथ गई है। पुलिस ने इस मामले में इस्लाम उर्फ मोनू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।