मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के जेई मनोज कुमार सिंह का मोबाइल साइबर ठगों हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके अकाउंट से 6.16 लाख रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। जांच में सामने आया है कि इस रकम से साइबर ठगों ने दो क्रेडिट कार्ड के बिलों का भुगतान किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मझोला के कृष्णापुरम कॉलोनी खुशहालपुर रोड निवासी मनोज कुमार सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में जेई के पद पर नौ साल तैनात रहे हैं तब उन्होंने पीएफ अकाउंट खुलवाया था। इसके बाद उनका ट्रांसफर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में हो गया। 17 दिसंबर को उन्होंने ऑनलाइन ई-चालान का भुगतान किया था। इसके बाद उनके मोबाइल पर आधार कार्ड और एम पिन का ओटीपी आया। तब उन्हें आभास हुआ कि उनका मोबाइल हैक कर लिया गया है। उन्होंने जब तक अपना अकाउंट बंद कराने का प्रयास किया। इसी बीच उनके मोबाइल पर मैसेज आया है कि उनके खाते से 6.16 लाख रुपये निकाल गए हैं। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्प लाइन नंबर पर कॉल की और शिकायत दर्ज कराई।
मनोज कुमार सिंह का कहना है कि उनके खाते से आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट के 3.16 लाख और यश बैंक के क्रेडिट कार्ड का तीन लाख रुपये के बिल का भुगतान किया गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मझोला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।