कुंदरकी। थाना क्षेत्र के ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा में मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे के किनारे जल निकासी के लिए कच्चे रास्ते की खोदाई के दौरान जेसीबी से घरेलू गैस की भूमिगत पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तेज प्रेशर और आवाज के साथ गैस बाहर निकल वातावरण में फैलने से आसपास के ग्रामीणों को सांस लेने में भी दिक्कत हुई। तेज आवाज के साथ गैस का तेज प्रेशर देखकर भीकनपुर कुलवाड़ा के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और टोरेंट गैस की टीम भी मौके पर आ गई। जिसने पहले डोमघर के पास स्थित चैंबर से गैस की आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद भी काफी देर तक गैस का रिसाव हल्के रूप में होता रहा। जब पाइप से गैस पूरी तरह से खत्म हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गैस आग न पकड़ ले इसके मद्देनजर पहले ही फायर ब्रिगेड बुला ली गई। टोरेंट कंपनी की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद फटी गैस पाइप लाइन को ठीक किया। जिसके बाद गैस की आपूर्ति सुचारु हो सकी। टोरेंट कंपनी के अधिकारी प्रभास चौधरी ने बताया कि जेसीबी से खुदाई करने की जानकारी नहीं दी गई थी। जिसकी वजह गैस पाइप लाइन लाइन फट गई। जिसे ठीक करा दिया गया है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके के 1500 से अधिक उपभोक्ताओं की ढाई घंटे तक गैस आपूर्ति बाधित रही है।
जल निकासी के लिए कराई जा रही थी खोदाई
कुंदरकी। कुलवाड़ा गांव के लोगों ने बताया कि शनिवार गांव में आरही एक बारात के लिए रास्ते में जमे पानी को जेसीबी से खोदाई कर निकाला जा रहा था। कुछ समय से गांव कुलवाड़ा की आबादी से आने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही थी। जिसकी वजह से गंदा पानी गांव कुलवाड़ा के सामने ही मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे के किनारे जमा हो रहा है। पानी जमा होने से हाईवे को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों को भी अवागमन में दिक्कत हो रही थी। रास्ते में हुए इस जल भराव को ही निकालने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से जेसीबी से खोदाई कराई जा रही थी। इस दौरान प्रधानपति अब्बास अली खान के अलावा राजस्व और पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।
रोकने पड़े वाहन, रूट डायवर्जन भी किया
गैस पाइप लाइन फटने के कारण कुछ समय के लिए मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे स्थित गांगन तिराहे से वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया था। पुलिस ने घटना स्थल पर पहले ही बैरियर लगाकर वाहनों को रोका था। जब गैस रिसाव बंद हो गया तब वाहनों को निकलने दिया गया।
धार्मिक स्थलों से कर ऐलान कर किया अलर्ट
कुंदरकी। हाईवे पर भीकनपुर-कुलवाड़ा गांव के सामने खोदाई के समय जेसीबी से भूमिगत गैस लाइप लाइन क्षतिग्रस्त होनेे से ग्रामीण दहशत में आ गए थे। घटना स्थल के आसपास की आबादी के घरों से निकल कर लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए थे। धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों से ऐलान लोगों को गैस की पाइप लाइन फटने की जानकारी देने के साथ उनसे अपने घरों में चूल्हे आदि नहीं जलाने तथा लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील करनी पड़ी।
विद्युत टीम ने भी बंद करा दी बिजली की आपूर्ति
कुंदरकी। भूमिगत गैस पाइप लाइन फटने के बाद विद्युत विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई थी। विद्युत कर्मियों ने ग्राम कुलवाड़ा में ही रखे ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति को बंद कर दिया, ताकि कोई अनहोनी न हो सके। जब गैस पाइप लाइन ठीक हो गई तब जाकर विद्युत आपूर्ति भी सुचारू कर दी गई। वहीं दूर संचार विभाग की टीम ने घटना स्थल पर आकर मौका मुआयना किया क्योंकि हाईवे के किनारे ही दूर संचार की भूमिगत लाइनें बिछीं हैं।
10 माह में दूसरी बार क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइप लाइन
कुंदरकी। मुरादाबाद-आगरा हाईवे के किनारे पर ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा के सामने दस माह दूसरी बार भूमिगत गैस लाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। गनीमत रही कि दोनों बार ही गैस तेज प्रेशर के साथ वातावरण में फैली लेकिन आग की चपेट में नहीं आई। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
-
-