पुलिस ने डीएम की स्वीकृति मिलने के बाद जेल में बंद पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत पांच लोगों के खिलाफ सोमवार को गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। मुकदमे में बिलारी नगर पालिका परिषद के पूर्व सभासद चेतन चौधरी और उसके भाई राजीव को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा दो और तीन के तहत रामगंगा विहार के दीनदयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक, मोहल्ला रहमत नगर शाहबाद रोड निवासी पूर्व सभासद चेतन चौधरी, उसके भाई राजीव कुमार, विजयवीर सिंह और भूरा जाटव निवासी ग्राम मीरापुर माफी थाना बिलारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि गिरोह का सरगना चेतन चाैधरी है। पांचों आरोपियों के खिलाफ अब तक थाना बिलारी और अन्य थानों में दर्ज मुकदमों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। रिपोर्ट में सभी पर रंगदारी मांगने और आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना बिलारी में पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ललित कौशिक पर मझोला और मूंढापांडे में भी मुकदमे हैं। वह बलरामपुर जेल में बंद है।