मुरादाबाद। स्वच्छता बनाए रखने के लिए सदर और मूंढापांडे ब्लाॅक क्षेत्र में एफएसटीपी लगाए जाएंगे। शहर की तरह गांवों में कूड़ों का निस्तारण किया जाएगा। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली ग्राम पंचायतों के अंदर की सड़कों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीएम अनुज सिंह ने डीपीआरओ को गांवों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि गांवों में सड़क और खड़ंजे की स्थिति बेहतर करने के लिए ग्राम प्रधान और सचिवों को मिलकर कार्य करना होगा। ग्राम पंचायतों में सृजित कराए गए जनोपयोगी संसाधनों की उपयोगिता के लिए डीपीआरओ को ब्लाॅकवार प्रधानों की कार्यशाला आयोजित करना होगा।
डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायतों में लगने वाले बाजारों के लिए निर्धारित स्थलों पर नियमित रूप से सफाई की जाए। बैठक में सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, डीपीआरओ आलोक शर्मा, बीएसए विमलेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार आदि मौजूद रहे।