मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले लकड़ी व्यापारी ने एक व्यक्ति पर पचास लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उनके दो बेटों की नौकरी बैंक में लगवाने का झांसा देकर रकम ली थी। आरोप है कि रकम मांगने पर व्यापारी के साथ मारपीट की गई है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कटघर के भदौड़ा नई बस्ती निवासी ध्यान सिंह ने बताया कि उनका लकड़ी का कारखाना है। उन्होंने कहना है कि मझोला क्षेत्र के लाइन पार निवासी एक व्यक्ति का उनके घर आना जाना था। उस व्यक्ति ने ध्यान सिंह ने कहा था कि उसकी नेता और मंत्री से अच्छी जान पहचान है। आपके बेटों का लकड़ी के व्यापार में कोई भविष्य नहीं है। वह आपके दोनों बेटों की बैंक में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा देगा, जिसके लिए करीब 45 लाख रुपये खर्च होंगे। व्यापारी ने बताया कि वर्ष 2010-15 के बीच आरोपी ने अलग-अलग तारीख में 50 लाख रुपये ले लिए थे। इसके बाद भी बेटों की नौकरी नहीं लगी। रुपये मांगने पर आरोपी बार-बार टाल मटोल करने रहा। पीड़ित का कहना है कि 21 मार्च 2021 को पीड़ित अपने रुपये लेने आरोपी के घर पहुंचा तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने अपने भतीजे की मदद से व्यापारी को कमरे में बंद कर लिया और मारपीट की। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मझोला थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
बेटे की हो चुकी है मौत, कारखाना भी हो गया बंद
मुरादाबाद। पीड़ित ध्यान सिंह ने बताया कि पचास लाख रुपये फंस जाने के चक्कर में एक बेटा जितेंद्र तनाव में रहने लगा था। इस कारण वह बीमार पड़ गया और कुछ माह पहले ही उसकी मौत हो गई। ध्यान सिंह ने बताया कि उनका लकड़ी का कारखाना भी बंद हो गया है।