मुरादाबाद। चार साल की बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मामला सिविल लाइन थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक मोहल्ले का है। बच्ची की दादी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत का सही कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक में मेहराज हुसैन का परिवार रहता है। वह मेले में बच्चों का झूला लगाने का काम करता है। परिवार में पत्नी फरजाना और चार बच्चे सलमान, महविश, वालिया, वानिश और फात्मा हैं। चार वर्षीय वानिश लंबे समय से बीमार चल रही थी। जिस कारण इलाज कराया जा रहा था। मंगलवार देर रात वानिश की मौत हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर बच्ची की दादी शहनाज भी आ गई। थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि शहनाज ने अपनी पोती की मां फरजाना पर बच्ची का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बच्ची का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। बच्ची के पिता मेहराज हुसैन ने पुलिस को बताया कि सास बहू में विवाद चल रहा है। इसी विवाद में उनकी मां ने उनकी पत्नी फरजाना पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत का सही कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।