मुरादाबाद। एमएच कालेज की प्राचार्या डा. मीना कौल समेत चार महिलाओं की कोरोना से मौत हो गई। पहली बार मुरादाबाद में चार सौ से अधिक संक्रमित मिले हैं। इसके चलते रात्रि कर्फ्यू की अवधि पर 23 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। संक्रमितों में न्यायिक अधिकारी, दो डाक्टर, कांग्रेस नेता और उनके परिवार दो सदस्य शामिल हैं। तीन महिलाओं ने टीएमयू और एक ने ब्राइट स्टार हॉस्पिटल में दम तोड़ा है।
महाराजा हरिश्चंद्र डिग्री कालेज की प्राचार्य डा. मीना कौल कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। कोरोना की आशंका होने पर 13 अप्रैल को जांच कराई गई तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसी दिन उन्हें टीएमयू अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उनकी मौत हो गई। शहर के बरबलान की रहने वाली 60 वर्षीय वृद्ध महिला और तहसील स्कूल क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला ने भी इलाज के दौरान टीएमयू में दम तोड़ दिया। कोरोना संक्रमित कटघर क्षेत्र की रहने वाली 55 वर्षीय महिला की ब्राइट स्टार हॉस्पिटल में मौत हो गई। जिले में कोरोना से मरने वाली की संख्या अब 207 पहुंच गई है।
वहीं शुक्रवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में पहली बार चार सौ से अधिक मरीज ट्रेस हुए हैं। मार्च 2020 से अब तक यह जिले में एक दिन में सामने आए संक्रमितों का सबसे अधिक आंकड़ा है। शुक्रवार को जिले में 435 नए संक्रमित मिले हैं। इन संक्रमितों में न्यायिक अधिकारी, आरआर टीम सिविल लाइंस के प्रभारी और एक डाक्टर भी शामिल है। वहीं पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष असद मौलाई और उनके परिवार के दो सदस्य भी पॉजिटिव हैं। इसके अलावा रामगंगा विहार, लालबाग, लाजपतनगर, बुद्धि विहार में भी संक्रमित मरीज मिले हैं।
प्रभारी जिलाधिकारी सीडीओ आनंदवर्धन ने कोरोना की रोकथाम के लिए 23 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू को बढ़ा दिया है। बताया कि प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक मुरादाबाद नगर निगम क्षेत्र में निर्धारित व्यवस्थानुसार रात्रिकालीन आवागमन एवं उत्साह व्यवहार तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंडी से होने वाला थोक व्यापार अपने निर्धारित समय अथवा मंडी परिषद द्वारा नियत समय के अनुसार संचालित होता रहेगा तथा थोक फल सब्जी खरीद, बिक्री संबंधी आवागमन प्रतिबंधों से मुक्त होगा।
जिलाधिकारी ने निर्धारित व्यवस्था के प्रावधानों, छूट के संबंध में बताया कि समस्त आवश्यक सेवाएं यथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सीय सेवाएं आवश्यक वस्तुएं यथा दवाएं सब्जी, फल, दूध, रसोई गैस, सीएनजी इत्यादि की आपूर्ति पूर्व की भांति चलती रहेगी और इन सेवाओं में कार्यरत व्यक्तियों, स्वच्छता कर्मी व डोर स्टेप डिलीवरी से जुडे़ व्यक्तियों के ड्यूटी संबंधी आवागमन में प्रतिबंध नही होगा तथा उनका परिचय पत्र पास की भांति मान्य होगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन तथा बस स्टेंड आने-जाने वाले यात्रियों के आवागमन पर प्रतिबंध नही होगा तथा रेल, बस के टिकट की यात्रा की तारीख ही पास का काम करेगी। उन्होंने कहा कि समस्त प्रकार के माल वाहक वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नही होगा। राष्ट्रीय एवं राज्यमार्गों पर परिवहन जारी रहेगा एवं पेट्रोल पंप व सीएनजी स्टेशन पूर्ववत खुले रहेंगे।
बहन ने दी मुखाग्नि
मुरादाबाद। कोविड प्रोटोकॉल के कारण मीना कौल के परिवार से अंतिम संस्कार में कोई उपस्थित नहीं हुआ। उनकी बहन विम्मी कौल और बहनोई विनय कौल ने उन्हें मुखाग्नि दी। बहन विम्मी कौल ने बताया कि वह अविवाहित थीं। भाई सौरभ कौल भी होम आईसोलेट हैं। कोविड नियमों का पालन करने हुए परिवार के सभी लोगों को अंत्येष्टि में आने से रोक दिया गया था। ब्यूरो