फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद: हफ्ते भर पहले निगेटिव थी महिला, डिलीवरी के बाद कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, डॉक्टर हैरान

Thu, 25 Jun 2020 10:07 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद
विज्ञापन
कोरोना वायरस (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

मुरादाबाद के निजी लैब में एक महिला समेत दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वह हफ्ते भर पहले तक कोरोना निगेटिव थी। डिलीवरी के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग ने दोनों संक्रमित मरीजों को तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में भर्ती करा दिया है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 395 पहुंच गई है। केजीएमयू में 171 सैंपलों की रिपोर्ट आई जिसमें से 163 निगेटिव हैं और आठ सैंपल प्रतीक्षारत हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि लाइनपार मझोला निवासी 29 वर्षीय महिला की रविवार को दिल्ली रोड स्थित एपेक्स अस्पताल में डिलीवरी हुई। महिला के ससुर 14 जून को ही कोरोना पॉजिटिव आए थे। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के छह सदस्यों की कोरोना जांच कराई थी। 
विज्ञापन


16 जून को परिवार के सभी सदस्यों के साथ ही महिला की भी सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई थी। महिला पूरी तरह स्वस्थ थी। 21 जून को महिला को प्रसव पीड़ा होने पर दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने महिला की 16 जून को निगेटिव सैंपल रिपोर्ट और उसकी प्रसव पीड़ा को देखते हुए इमरजेंसी में सीजेरियन किया। 

आपरेशन से महिला ने बेटी को जन्म दिया। आपरेशन के बाद 22 जून को एहतियातन महिला का निजी लैब में कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजा गया। नवजात बेटी और महिला दोनों को स्वस्थ होने पर मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। बुधवार को महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इससे स्वास्थ्य विभाग हैरान है। महिला को टीएमयू में भर्ती कराया गया है। 

डॉ. गर्ग ने बताया कि कटघर निवासी 59 साल का व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव आया है। संक्रमित व्यक्ति प्राइवेट कंपनी में मार्केटिंग कर्मी है। बुखार और चक्कर आने की शिकायत पर सिविल लाइन स्थित एक निजी चिकित्सक ने उसका प्राइवेट लैब से सैंपल कराया।

विज्ञापन

सैंपल पॉजिटिव आने पर संक्रमित व्यक्ति को टीएमयू में भर्ती कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि केजीएमयू से 171 लोगों की सैंपल रिपोर्ट जारी हुई है। 22 जून को भेजे सैंपलों में 163 की निगेटिव है। जबकि आठ सैंपल रिपोर्ट प्रतीक्षारत हैं। 

एपेक्स अस्पताल के निदेशक डॉ. मगन मेहरोत्रा ने बताया कि महिला की निगेटिव रिपोर्ट देखकर ही उसका आपरेशन किया। आपरेशन प्रोटोकाल मानकों का पालन करते हुए किया गया। महिला और नवजात के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया।

मां से अलग हुई तीन दिन की मासूम
महिला का 21 जून की रात 10 बजे आपरेशन हुआ। 22 जून को महिला ने बेटी की शक्ल देखी। 23 जून को परिवार के साथ महिला घर पहुंच गई। 24 जून को निजी लैब से पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही महिला को टीएमयू में भर्ती कर दिया गया। तीन दिन की मासूम बच्ची पिता के साथ है। 

महिला का चार साल का एक बेटा भी है। दवा कंपनी में काम करने वाले महिला के पति ने बताया कि नवजात बच्ची मां से अलग होकर रो रही है। पति ने नवजात को मां के पास रखने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें