भदासना हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में तब्दील करने की कोशिशों को झटका लगा है। प्रोजेक्ट के बीच में आ रही साढ़े तीन एकड़ जमीन को बेचने से किसान ने इंकार कर दिया है। इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से किसान से बातचीत की जा रही है। जमीन खरीदने के लिए शासन को भी खत लिखा गया है। नागरिक उड्डयन विभाग भदासना हवाई पट्टी को हवाई अड्ढे में तब्दील करने का फैसला कर चुका है। पहले चरण में भदासना से लखनऊ और दिल्ली के लिए छोटी विमान सेवा शुरू की जाएगी।
एयरपोर्ट अथारिटी की टीम भदासना हवाई पट्टी का निरीक्षण कर चुकी है। वेटिंग रूम, वॉच टावर और पार्किंग समेत दूसरी बुनियादी जरूरतों की सूची तैयार हो चुकी है। इनका निर्माण एयरपोर्ट अथारिटी अपनी देखरेख में कराएगी। भूमि व दूसरे संसाधन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। हवाई अड्डे के बीच में साढ़े तीन एकड़ जमीन एक किसान की आ रही है। इसे खरीदे बगैर हवाई अड्डे का प्रोजेक्ट पूरा नहीं होगा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि हवाई पट्टी के बीच में आ रही साढ़े तीन एकड़ जमीन खरीदने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।