भाजपा के लिए वोट मांगा तो जान से मार देंगे, तीन पर मुकदमा
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के बबराला खास में पूर्व प्रधान के घर पहुंचकर उनके पति के साथ गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन दबंगों ने पूर्व प्रधान के पति को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने कहा कि भाजपा के लिए वोट मांगा तो जान से मार देंगे।
पीड़ित महमूद की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही नजाकत, जब्बार और सत्तार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महमूद ने पुलिस को बताया है कि बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे उनके गांव के ही तीन आरोपी घर पर आए और गालियां देने लगे। आरोपियों ने कहा कि तेरी इतनी हिम्मत कि तू भाजपा के लिए वोट मांग रहा है।
आज के बाद भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया तो तुझे जान से मार देंगे। पीड़ित ने कहा कि आरोपियों ने गांव छोड़ने की भी धमकी दी। महमूद ने आरोपियों को समाजवादी पार्टी का समर्थक बताया। इस मामले में मूंढापांडे थानाध्यक्ष आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बसपा ने चुनाव के दौरान जिला उपाध्यक्ष को हटाया
बसपा ने जिला उपाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति को उनके पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर बब्लू लंबरदार को नया जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। उपचुनाव के बीच पदाधिकारी को हटाने पर जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि लापरवाही के आरोप में उपाध्यक्ष को हटाया गया है।
पूर्व सांसद एवं मंडल प्रभारी गिरीश चंद, मुख्य सेक्टर प्रभारी जाफर मलिक और डॉ. रणविजय सिंह ने नए जिला उपाध्यक्ष के नाम की संस्तुति की।