मैनाठेर। पूर्व प्रधान चौधरी राजवीर सिंह की 28 साल पुरानी रंजिश में अंजाम दी गई थी। पुलिस ने आरोपी आरोपी जगदीश सिंह और उनके बेटे हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। शनिवार शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
शुक्रवार की सुबह मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर गौसर निवासी पूर्व प्रधान चौधरी राजवीर सिंह को घर से आवाज लेकर बुलाया था और मकान के दरवाजे के सामने ही पुरानी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जब पीड़ित परिवार ने हमलावरों की घेराबंदी की तो जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
इस वारदात में पूर्व प्रधान के बेटे सोमवीर सिंह ने गांव के ही जगदीश सिंह, उनके बेटे धर्मेंद्र और हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि पुलिस की जांच में पूर्व प्रधान की हत्या की वजह मेंथा की टंकी पर लगे टैक्स और रुपयों का लेनदेन होना सामने आया है। मैनाठेर कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी जगदीश सिंह और उनके बेटे हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन निवासी ग्राम रसूलपुर गौसर थाना मैनाठेर का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पिता पुत्र को जेल भेज दिया। अब पुलिस टीम तीसरे नामजद आरोपी की तलाश कर रही है
हेमंत निकला बालिग, पुलिस ने की पुष्टि
क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर गौसर निवासी पूर्व प्रधान चौधरी राजवीर सिंह की हत्या के मुकदमे नामजद आरोपी हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन के नाबालिग होने की बात सामने आई थी जोकि इंटर का छात्र भी बताया जा रहा है। साथ ही हेमंत कुमार बोर्ड परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। शनिवार को जब मैनाठेर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन का चालान किया तो मैनाठेर पुलिस ने हेमंत कुमार उर्फ प्रद्युमन की उम्र करीब 19 साल होना बताया।
तमंचा बरामदगी पर आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई
पूर्व प्रधान चौधरी राजवीर सिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार जगदीश सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने तमंचा बरामद होने के मामले में आरोपी जगदीश सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी एक और मुकदमा दर्ज किया है।