मुरादाबाद। शत्रु संपत्ति विभाग लखनऊ की टीम ने शनिवार केंद्रीय गृह उप सचिव राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में शहर और देहात की शत्रु संपत्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उप सचिव ने सैदपुर खादर स्थित 200 बीघा जमीन की तारबंदी कराने के निर्देश दिए।
लखनऊ से आए उप सचिव राजेंद्र कुमार, मुख्य पर्यवेक्षक ब्रिगेडियर यशपाल सिंह, प्रशांत सैनी, नायब तहसीलदार के साथ शनिवार की सुबह सैदपुर खादर में शत्रु संपत्ति की जमीन देखने के लिए पहुंची। टीम ने खाली जमीन को कंटीले तारों से घेरने के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए। टीम शहर के स्टेशन रोड पर मौजूद दुकानों को देखने के लिए गई। यहां शत्रु संपत्ति के तहत रेलवे स्टेशन रोड पर 19 दुकानें मौजूद हैं। इसके अलावा जीएमडी रोड स्थित कुटिया वाली गली में भी शत्रु संपतियां मौजूद हैं। टीम ने स्टेशन रोड बुध बाजार स्थित दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने लोगों से शत्रु संपत्ति के बारे में लोगों से पूछताछ की। बुधबाजार की आठ दुकानों का सरकार किराया वसूल करती है, लेकिन अन्य दुकानों की फाइल अभी लंबित है।
80 प्रतिशत संपत्तियों की हुई है जिओ टैगिंग
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने 80 प्रतिशत से अधिक संपत्ति की जियो टैगिंग कर चुकी है। जिले में 194 शत्रु संपत्तियां मौजूद हैं। अक्तूबर 23 में जिले के अधिकारियों की टीम ने बिलारी क्षेत्र के 18 अचल संपत्तियों की जांच की थी। लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की टीमों ने आंकलन में पाया कि अचल संपत्तियों की भूमि कृषि योग्य है। इन जमीनों की कीमत करीब 72 लाख रुपये आंकी गई थी।
इसी प्रकार कांठ क्षेत्र में पांच संपत्तियां हैं। इनमें एक आवासीय भवन पृथ्वीगंज में 7400 वर्ग फुट क्षेत्रफल का है। बाकी चार संपत्तियां कृषि योग्य हैं। पांचों संपत्तियों का आंकलन एक करोड़ रुपये किया गया है। ठाकुरद्वारा की संपत्तियों का आंकलन जारी है। शहरी क्षेत्र के सैदपुर खादर की संपत्तियों का अभी आंकलन नहीं किया गया है। इस मामले में मुकदमा विचाराधीन है।