मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज में छात्र को पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में महाविद्यालय प्रशासन से नोटिस मिलने के बाद सचल दल के सदस्यों ने अपना जवाब प्राचार्य को सौंप दिया है।
कॉलेज में आठ जनवरी को दोपहर एक बजे बीकॉम थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा देने के बाद हरथला निवासी छात्र फरहाद अली पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में महाविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से जांच कर रहा है। सचल दल के सदस्यों को नोटिस जारी किए थे। प्राचार्य प्रो. एसएस रावत ने नोटिस जारी करते हुए सचल दल की उपस्थिति में छात्र द्वारा पेट्रोल लेकर परीक्षा भवन तक पहुंच जाने, घटना के बाद सचल दल के सदस्यों के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने आदि से संबंधित बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा था। सचल दल के सदस्यों का कहना है कि परीक्षा के समय सचल दल नकल को रोकने के लिए होता है। कॉलेज में छात्र द्वारा पेट्रोल लेकर आने की जांच की जिम्मेदारी नियंता मंडल की होती है। नियंता मंडल को साइकिल स्टैंड आदि के पास भी जांच करनी चाहिए थी। साथ ही लिखा कि हमारे सामने घटना नहीं हुई है। साथ ही इस घटना की जिम्मेदारी सचल दल की नहीं है। सचल दल का दायित्व परीक्षा की सुचिता बनाना और नकल रोकना है, जो बखूबी किया है।