कुंदरकी। महाशिवरात्रि पर कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों को कुंदरकी नगला कमाल संपर्क मार्ग पर इमरतपुर सिरसी के सामने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ेगा।
इमरतपुर सिरसी में सड़क किनारे स्थित तालाब ओवरफ्लो है, जिसका गंदा पानी सड़क पर जमा है। जिससे सड़क में गहरे गड्ढे हो गए और आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे है। साथ ही इस संपर्क मार्ग से इमरतपुर सिरसी, नगला कमाल, आजमपुर, चांदपुर गणेश, ढकिया जुम्मा, सीलपुर, शेखूपुर खास, अभनपुर, ग्वारऊ, सराय पंजू, चितेरी, ढकिया नरू, चांदपुर तिसावा, मिलक बनवारी आदि गांवों के हजारों की संख्या ग्रामीणों का आवागमन रहता है।
वहीं महाशिवरात्रि पर हरिद्वार, ब्रजघाट आदि से शिवभक्तों का जत्थे कांवड़ लेकर आता है और इस बार भी शिवभक्तों को इसी बदहाल सड़क से गुजरने को मजबूर होना होगा। सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अरकान का कहना है कि तालाब का स्वरूप बदलने और अतिक्रमण होने की वजह से सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढे हुए है जिसके संबंध में पहले से ही ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर स्थाई समाधान की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इमरतपुर सिरसी की ग्राम प्रधान सुमन पत्नी सुनील ने बताया कि तालाब की पैमाइश के लिए और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए एसडीएम बिलारी से मांग की थी लेकिन आश्वासन के अलावा स्थाई समाधान नहीं कराया गया है। नगला कमाल के ग्राम प्रधान चौधरी नरेंंद्र सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को भी जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन मिला पर समाधान आज तक नहीं हुआ है।
वहीं शिवभक्त सुनील, अनिल, सचिन, विनीत, अतुल आदि का कहना है कि महाशिवरात्रि पर्व से पहले से इमरतपर सिरसी के सामने सड़क से जलनिकासी कराई जाए और गड्ढे पटवाए जाएं ताकि कांवड़ियों और राहगीरों को परेशानी न हो।