बिलासपुर। कोतवाली पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ मंगलवार देर रात मनिहारखेड़ा के जंगल में घेराबंदी कर मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाशों के पास से 45 हजार रुपये, दो तमंचे, सात कारतूस, तीन चाकू, दो बाइकें और चार फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आठ दिन पहले ग्राम डिबडिबा में चौकीदार के घर हुई लूट का पर्दाफाश किया है।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे मुखबिर की सूचना पर चंदेन रोड मनिहारखेड़ा मोड़ पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जसपाल सिंह उर्फ जस्सा व मनदीप सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गए। हर्षदीप सिंह, अमृत सिंह उर्फ गज्जू और जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने छह मई की रात दलजीत सिंह के फार्म पर चौकीदार कमल सैनी के घर से 45 हजार रुपये और दो फोन लूटे थे। पुलिस के अनुसार ये बदमाश यूपी व उत्तराखंड में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। सभी का चालान कर दिया गया है।
0000
पुलिस मुठभेड़ में दो गोकश घायल, गिरफ्तार
भोट। मंगलवार देर रात कोयली गांव के जंगल में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें दो गोकशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, एक बाइक और गोकशी के औजार बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने बताया कि गोकशों की सूचना पर घेराबंदी की गई थी। भागने और फायरिंग करने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गिरफ्तार गोकशों की पहचान बाबू बच्चा और इरफान उर्फ पतला के रूप में हुई है, जिन पर पहले से कई प्राथमिकी दर्ज दर्ज हैं। संवाद