बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में शिक्षित मतदाताओं के होते हुए भी मतदान के दौरान गलतियों और मताधिकार के प्रति उदासीनता के उदाहरण सामने आए हैं। पांच फीसदी गुरुजी वोट डालने में फेल हो गए। चुनाव में 1290 शिक्षकों के वोट निरस्त हो गए। इन शिक्षकों के मत प्रत्याशियों के काम नहीं आए। मतगणना में इन मतों को अवैध करार दिया गया। ये निरस्त मत 12 उम्मीदवारों को मिले वोटों से अधिक हैं।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में 15 उम्मीदवार मैदान में थे। एक दिसंबर को वोट डाले गए थे। इसमें बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के कुल 36703 शिक्षक मतदाताओं को हिस्सा लेना था। चुनाव में 26803 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। गुरुवार को बरेली में इन मतों की गणना हुई, जिसमें 12827 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लो विजयी रहे। वहीं मतगणना में 1290 मत इनवैलिड पाए गए। इन्हें निरस्त कर दिया गया। निरस्त मत पड़े वोटों का 4.81 प्रतिशत हैं।
मतदाता की भूमिका निभाने वाले गुरुजनों को मतदान से पहले प्रत्याशियों या समर्थकों ने घर-घर जाकर अधिमान्यता (वरीयता) आधारित इस चुनाव में वोट डालने का सही तरीका बताया था। यही नहीं मतदान के दिन भी बूथ से निर्धारित दूरी पर बस्ता लगाए बैठे प्रत्याशियों के एजेंटों ने वोट डालने के तरीके की जानकारी दी थी। बावजूद इसके 1290 शिक्षक मतदान में फेल हो गए।
उनका वोट प्रत्याशियों के काम नहीं आया। निरस्त मतों की संख्या 15 में से 12 उम्मीदवारों को प्राप्त मतों से अधिक है। सिर्फ तीन प्रत्याशी ही निरस्त मतों से अधिक वोट पा सके हैं। इनमें विजयी प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लो के अलावा संजय कुमार मिश्रा और रामबाबू शास्त्री शामिल हैं।
इन कारणों से निस्त हुए मत
- बैलेट पेपर प्रत्याशी के फोटो पर 1 लिखना
- वरीयता देने में 1 की जगह 01 लिखना
- 1 लिखने में लाइन टच करना
- मतदान केंद्र पर मिले पेन का इस्तेमाल न करना
निरस्त 1290 मतों से कम वोट पाने वाले प्रत्याशी
प्रत्याशी-------------दल-.........------------मत
सुभाष चंद्र शर्मा-----निर्दलीय-------------1283
सुनीत गिरि--------निर्दलीय--------------1258
डा. राजेंद्र कुमार गंगवार-निर्दलीय----------1162
हाजी दानिश अख्तर-निर्दलीय------------723
विनय खंडेलवाल----निर्दलीय------------705
मेहंदी हसन----------कांग्रेस----------276
आशुतोष शर्मा-----निर्दलीय------------213
पीयूष सिंह राठौर---निर्दलीय-------------61
बालकृष्ण--------निर्दलीय---------------54
महताब अली------निर्दलीय-------------54
अभिषेक द्विवेदी----निर्दलीय------------04
पुष्पेंद्र कुमार------निर्दलीय--------------04