बिलारी। पुलिस ने शनिवार सुबह महिलाओं को झांसे में लेकर उनसे गहने निकलवाकर ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला समेत पांच सदस्य दबोच लिए। उनके कब्जे से दो बाइक और महिलाओं से ठगे गहने भी बरामद कर लिए। पुलिस ने पांचों आरोपियों को मुरादाबाद की अदालत में पेश किया,जहां अदालत ने सभी को जेल भेज दिया।
बिलारी नगर में शाहबाद रोड पर बीती 26 जनवरी की दोपहर खजरा गांव निवासी हरवीर सिंह की पत्नी रीनू सिंह को गिरोह के महिला और पुरुष समेत दो सदस्यों ने यह कहते हुए अपने झांसे में ले लिया था कि तुम्हारे बेटे पर बुरी आत्मा का साया पड़ गया है जिसे दूर कराने का तत्काल इंतजाम कराना पड़ेगा। दोनों ठगों ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर उससे से कानों में पहने दोनों कुंडल निकलवा लिए थे और दोनों ठग फरार हो गए थे।
इस घटना का मुकदमा हरवीर सिंह ने एक अज्ञात पुरुष और एक अज्ञात महिला के खिलाफ लिखाया था। इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों का पता लगा लिया।
बिलारी पुलिस के अनुसार इस घटना को अंजाम देने में महिला समेत ठग गिरोह में छह सदस्य शामिल निकले। चार पुरुष सदस्यों जुबैर मोहल्ला लाल बाग हाथीवाला मंदिर थाना मुगलपुरा मुरादाबाद, अमन ग्राम असीलपुर थाना किठौर जिला मेरठ, मुस्तफा उर्फ कलुआ ग्राम रुस्तमपुर तिगरी थाना भोजपुर, नईम मोहल्ला कोहिनूर तिराहा पंडित नगला थाना कटघर और एक महिला सदस्य नेहा मोहल्ला शनि बाजार थाना पाकबड़ा को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरोह का छठा सदस्य आजम मोहल्ला करुला थाना कटघर अभी फरार है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों से एक अपाचे बाइक, एक स्पलेंडर बाइक, दो पीली धातु के कानों के कुंडल, दो पीली धातू की कानों की बाली, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और 620 रुपये नकद बरामद किए।