फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में स्कूल बस पर फायरिंग: गोलियों की आवाज सुन सीटों के नीचे छिपे बच्चे, दहशत में परिवार से लिपट रोए बच्चे

Sat, 26 Oct 2024 03:12 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा

सार

अमरोहा के गजरौला के खाद गुर्जर और नगला माफी गांव के बीच की शुक्रवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग और पथराव की घटना हो गई। 28 विद्यार्थी दहशत में घिर गए। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
Firing on school bus in UP - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमरोहा के दरियापुर बुजुर्ग गांव स्थित एसएसआरएस इंटरनेशनल स्कूल की बस पर शुक्रवार की सुबह तीन नकाबपोशों ने अचानक फायरिंग कर दी। बाइक सवार नकाबपोशों ने बस पर ईंटें भी बरसाईं। 
विज्ञापन


घटना से बस में सवार 28 विद्यार्थी दहशत में घिरे रहे। चालक ने बस दौड़ाकर खुद को व बच्चों को बचाया। पुलिस ने इस मामले में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गजरौला से दरियापुर बुजुर्ग गांव में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह का स्कूल है। उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख हैं। वीरेंद्र सिंह के भतीजे पुनीत ने बताया कि चौकपुरी गांव निवासी मोंटी सैनी स्कूल बस पर चालक है। 
विज्ञापन


वह इस बस से नगला माफी, चौकपुरी, लखमिया, हयातपुर आदि गांवों के बच्चों को स्कूल में लाने और घर पहुंचाने की ड्यूटी करता है। शुक्रवार सुबह वह बच्चों को लेकर आ रहा था। बस में 28 छात्र-छात्रा सवार थे। 7.50 बजे वह खादगुर्जर और नगला माफी के बीच एक पुलिया के निकट पहुंचा तो रास्ते में खड़े युवक ने अपनी बाइक रास्ते में लगाकर स्कूली बस रोक ली। 

इस बीच आम के बाग में छिपे उसके दो साथी आ गए। उन्होंने बस पर फायरिंग कर दी। ईंटें भी बरसाईं। जिस पर चालक ने बस को गजरौला की तरफ तेज रफ्तार से दौड़ा दिया। बाइक सवारों ने उसका पीछा किया लेकिन चालक आगे बढ़ने में कामयाब रहा। 

 

सुरक्षित जगह पहुंचकर चालक ने पुलिस और स्कूल प्रबंधन को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस आला अधिकारी मौके पर पहुंचे सहमे छात्र-छात्राओं से जानकारी ली। चालक से भी पूछताछ की। पुलिस ने चालक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी अनुज को हिरासत में ले लिया है।

 

स्कूली बस से स्कूटी टकराने को लेकर थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक गांव नगला माफी निवासी अनुज की स्कूटी पांच दिन पहले इस स्कूल बस से टकरा गई थी। उस वक्त बस चालक मोंटी और अनुज के बीच कहासुनी हुई थी। तब मामला शांत हो गया था, लेकिन अनुज उससे रंजिश रखने लगा। आरोप है कि रंजिश के चलते अनुज ने शुक्रवार को अपने दो साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया।

गजरौला में स्कूल बस पर फायरिंग की आवाज सुन सीटों के नीचे छिप गए बच्चे
भाजपा नेता के स्कूल की बस पर हुई फायरिंग और पथराव से बच्चे घबरा गए। बस में चीखपुकार मच गई।घटना से घबराई छात्रा अवस्था ने बताया कि जैसे ही फायरिंग हुई तो वह सीटों के नीचे छिप गए। छोटी उम्र में इस तरह की वारदात को देखकर बच्चों के चेहरे पर दहशत थी। कई बच्चे खौफ के चलते कुछ बोल ही नहीं पा रहे थे। जबकि, कुछ का कहना था कि अभी तक फिल्मों में ऐसा कुछ देखा था।

शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे भाजपा जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह के स्कूल की बस में सवार 28 बच्चे स्कूल आ रहे थे। रोजाना की तरह बच्चे आपस में बात करते जा रहे थे। सभी अपनी मस्ती में मशगूल थे। लेकिन, बस चालक मोंटी सैनी और उसमें सवार 28 विद्यार्थी और शिक्षिका कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तीनों आरोपियों ने बस पर फायरिंग कर दी। जिससे विद्यार्थियों में चीख पुकार मच गई। 

 

दहशत के चलते बस में सवार मासूम सहम गए। बस में सवार कक्षा तीन की लावना, छठी के लक्षित, तनिष्क, कक्षा पांच की अभी व अवंतिका और कक्षा सात के पारस ने बताया कि वह पहले तो समझ ही नहीं पाए कि क्या हो गया है। क्योंकि, वह तो रोजाना बेखौफ आते-जाते थे। उनको यह अंदेशा ही नहीं था कि उनकी बस पर कोई हमला कर सकता है।

लेकिन, जैसे ही ड्राइवर अंकल ने बताया कि बस पर तीन बदमाश फायरिंग कर रहे हैं। जिससे वह घबरा गए। यही नहीं वह दहशत के चलते बस की सीट के नीचे छिप गए। स्कूल पहुंचकर उनकी जान में जान आई। वहीं, जब वह परिजनों से मिले तो उनके चेहरे पर दहशत साफ देखी जा रही थी।
 

खौफ का मंजर याद कर पिता से लिपट कर रोने लगी छात्रा
शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों की बस पर हमला किया गया था, उसमें कक्षा छह की अक्षी चौधरी भी सवार थी। घटना के कुछ देर बाद ही चालक बस को तेज दौड़ाता हुआ स्कूल परिसर में घुस गया। उधर, बस पर फायरिंग और पथराव की जानकारी होते ही स्कूल का स्टाफ, विद्यार्थी बाहर निकलकर इकट्ठा हो गए। स्कूली बच्चों और चालक से घटना की जानकारी करने लगे। हमलावर के बारे में पूछने लगे कि वह कौन थे और कितने थे।

सूचना पाकर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार व इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र सिंह पुलिस के साथ स्कूल में आ गए। बच्चों के अभिभावक भी स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से घटना की जानकारी ली। इस बीच कक्षा छह की छात्रा अक्षी चौधरी अपने पिता के सीने से लिपट कर रोने लगी। उसके चेहरे पर खौफ का मंजर साफ झलक रहा था। उसके मुंह से कोई शब्द नहीं निकल रहा था।

बच्चों को घर ले जाना चाहते थे अभिभावक
विद्यार्थियों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग किए जाने के बाद चालक बस को लेकर स्कूल में आया। जानकारी मिलते ही आसपास गांवाें के अभिभावक भी स्कूल में पहुंच गए। अभिभावकों के पहुंचते ही सहमे बच्चे उनसे गले मिलकर रोने लगे। वहीं, अभिभावक बच्चों को घर ले जाना चाहते थे। कुछ ने प्रधानाचार्य से स्कूल की छुट्टी करने की बात कही, लेकिन स्कूल स्टाफ और प्रबंधन ने साफ कह दिया कि घटना तो हुई है, लेकिन डरने की जरूरत नहीं है। स्कूल की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल स्टाफ और प्रबंधन प्रतिबद्ध है।

चालक ने विद्यार्थियों को एक दुकान में छिपाया
एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल की विद्यार्थियों से भरी बस पर फायरिंग होने पर चालक ने बस को तेज गति से दौड़ा दिया। चालक घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर बस को लेकर खाद गुर्जर गांव में चौराहा पहुंचा, तो चौराहा पर सामने से इसी स्कूल की एक और बस आ गई थी। दोनों बस आपस में टकराने से बची थीं। उधर, हमलावरों ने भी खाद गुर्जर चौराहा तक बस का पीछा किया। बस रुकने पर चालक ने बच्चों को सुरक्षित करने के लिए एक दुकान में छिपा दिया। उधर, मामले की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्हें देखकर आरोपी भाग गए। इसके बाद चालक घटना से सहमे बच्चों को बस से लेकर स्कूल में पहुंचा। खाद गुर्जर चौराहे से स्कूल की दूरी करीब पांच किलोमीटर है।
 

घटना की जानकारी होते ही स्कूल दौड़ पड़े अभिभावक
घने बागों के बीच से गुजर रहे रास्ते पर 28 विद्यार्थियों से भरी बस को रोक कर फायरिंग की घटना से कुछ ही देर में क्षेत्र में फैल गई। जिसने भी सुना, वह उधर को दौड़ पड़ा। जानकारी होने पर अभिभावक भी स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों के बारे में पूछने लगे। उन्होंने बच्चों से पूछा कि उनको कोई नुकसान तो नहीं हुआ है। काफी देर तक सहमे रहे बच्चों ने अभिभावकों और शिक्षकों को अपनी आपबीती सुनाई। बताया कि किस तरह बस पर फायरिंग की गई। फायरिंग और पथराव होने पर वह डर गए थे।
 
विज्ञापन

अनुज को बेगुनाह बता रहे परिजन
स्कूली बच्चों से भरी बस पर फायरिंग करने में नामजद अनुज निवासी नगला माफी के परिजन भी शुक्रवार शाम थाने में आए। यहां पर उन्होंने पुलिस से मिलकर कहा कि उनके बेटे को गलत फंसाया जा रहा है। जिस समय घटना हुई, वह उस वक्त वह बुग्गी लेकर चारा लेने जा रहा था। रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल लिए जाएं। सब सच्चाई सामने आ जाएगी कि वह इस घटना में नहीं है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें