भगतपुर। मंगावाला मार्ग पर नचना की पुलिया के पास चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर एक आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह के अनुसार सोमवार की दोपहर ग्राम मंगावाला मार्ग पर नचना की पुलिया के पास उप निरीक्षक ब्रजकिशोर पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति तेजी से आते हुए दिखाई दिए। चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। हड़बड़ी में आरोपियों की मोटरसाइकिल गिर गई। पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी अजीम निवासी दौलपुरी बमनिया को तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य आरोपी मौके से भाग गए। थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी अजीम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।