डिलारी (मुरादाबाद)। भोजपुर थाना क्षेत्र के वसावनपुर गांव की प्रधान जुल खातून के पति एवं भाजपा नेता रिजवान ने जिला पंचायत सदस्य अंबर सईद चौधरी के पति अमानउल्ला चौधरी समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अमानउल्ला चौधरी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फिजाउल्ला चौधरी के छोटे भाई हैं। रिजवान ने आरोप लगाया है कि उनकी गाड़ी रोक कर उस पर फायरिंग की है।
वसावनपुर निवासी रिजवान ने बताया कि 14 अप्रैल की सुबह वह अपनी कार से गुलड़िया माफी गांव अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ गुलाम मोहम्मद, ड्राइवर आस मोहम्मद भी साथ मौजूद थे। जैसे ही उनकी कार डिलारी के तगाला गांव के पहले बाग के सामने पहुंची, इसी दौरान मानपुर साबित निवासी अमान उल्लाचौधरी और तीन अन्य साथियों की मदद से कार से उतरवा कर गाली-गलौज शुरू कर दी। सभी ने उनके साथ मारपीट की।
साथियों से कहा यह बहुत नेता बनता है। आज इसका काम तमाम कर दो। आरोप है कि अमानउल्ला ने अंटी से तमंचा निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। रिजवान ने बताया कि उन्होंने किसी तरह हमलावरों से अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर फरार हो गए। मारपीट में रिजवान चोटें आई हैं। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।