नागफनी थानाक्षेत्र के दौलत बाग में सोमवार शाम बवाल हो गया। हिस्ट्रीशीटर व ई-कचरा कारोबारी शाकिर और उसके भाइयों ने दूसरे गुट के हिस्ट्रीशीटर अंडा शकील के भाई को पीट लिया। वह अपनी जान बचाकर घर में भागा तो आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। काफी देर तक हमलावर उनके घर पर पथराव करते रहे। इस घटना से दौलत बाग में भगदड़ मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में भी कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके चार भाई व बहनोई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जबकि उनकी गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। नागफनी के दौलत बाग में शाकिर और अंडा शकील के परिवार रहते हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों का ई-कचरे का कारोबार है। दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चली आ रही है।
सोमवार की शाम अंडा शकील का भाई वसीम गैराज से अपनी कार निकाल रहा था। इसी दौरान वहां शाकिर का भाई बबलू उर्फ मोड़ा आ गया। वसीम और मोटा के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद बबलू उर्फ मोटा ने अपने भाइयों को बुला लिया। उन्होंने वसीम को पकड़कर जमकर पीटा। इसके बाद वसीम अपनी जान बचाकर अपने भाई अंडा शकील के घर में घुस गया।
आरोप है कि इसके बाद शाकिर और उसके भाई व बहनोई ने अंडा शकील के घर पर फायरिंग और पथराव किया। इस घटना से भगदड़ मच गई। काफी देर तक बवाल होता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। नागफनी थाने के एसएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि शाकिर उसके चार भाई और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। उनकी तलाश की जा रही है।