ईपीसीएच के मुरादाबाद रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन करने मुरादाबाद पहुंची केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने निर्यातकों से कहा कि वह जीएसटी से घबराएं नहीं और निर्यात को बढ़ाने के उपाय करें। स्मृति ने निर्यातकों से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नई तकनीकि अपनाने की सलाह दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निर्यातक अपने दस्तकारों को सहेजें और संवारें, क्योंकि इंटरनेशनल मार्केट में हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्ट इन्हीं दस्तकारों के हुनर की बुनियाद पर टिका है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी सोमवार को दोपहर बारह बजे महानगर पहुंची और नया मुरादाबाद में नेशनल हाईवे के किनारे ईपीसीएच के नवनिर्मित ‘मुरादाबाद रिसोर्स सेंटर’ का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्हाेंने होटल होली डे रीजेंसी में निर्यातकों और दस्तकारों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान निर्यातक सतपाल पुगला ने कहा कि जीएसटी से निर्यातकों की रकम बेवजह महीनों तक सरकार में फंसी रहेगी जिससे निर्यात इंडस्ट्री चौपट हो सकती है।
निर्यातक शाह आलम ने भी जीएसटी को निर्यातकों के लिए घातक बताते हुए निर्यातकों को विशेष छूट की मांग रखी। जवाब में स्मृति ईरानी ने कहा कि निर्यातक जीएसटी से डरें नहीं। केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है जो निर्यातकों के साथ खड़ी है। ईपीसीएच समस्याएं बताए, सरकार समाधान करेगी। इस दौरान ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक राकेश कुमार, ईपीसीएच के पूर्व चेयरमैन व सीओए सदस्य सुधीर त्यागी, अरविंद बढेरा, मोहम्मद अब्बास, मेयर विनोद अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में निर्यातक और दस्तकार मौजूद रहे।