मुरादाबाद। पटाखा बाजारों के ठेकों की दोबारा नीलामी में बोली की रकम में भारी गिरावट आई है। पहली नीलामी में बुद्धि विहार उत्तरी का ठेका 19 लाख रुपये में उठा था, जो बृहस्पतिवार को महज तीन लाख रुपये में छूटा। बुद्धि विहार दक्षिणी और श्रीराम चौक के पास स्थित मैदान के ठेके की रकम भी पहले के मुकाबले काफी कम रही। तीनों स्थानों पर अब दुकानें लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
पहली नीलामी में बुद्धि विहार उत्तरी का ठेका 19 लाख और दक्षिणी का 13.40 लाख रुपये में तय हुआ था। श्रीराम चौक के पास मैदान का ठेका 10.80 लाख रुपये में उठा था। इसके बाद दुकानदारों ने ठेकेदारों पर दुकान लगाने के लिए 60 से 70 हजार रुपये तक मांगने का आरोप लगाया। विरोध बढ़ने पर प्रशासन ने तीनों स्थानों की नीलामी निरस्त कर दी थी। बृहस्पतिवार को दोबारा हुई नीलामी में बुद्धि विहार उत्तरी का ठेका तीन लाख, दक्षिणी का 3.50 लाख और श्रीराम चौक के पास मैदान का 1.30 लाख रुपये में उठा। इस तरह उत्तरी बाजार के ठेके की रकम में 16 लाख रुपये की कमी आई, जबकि दक्षिणी बाजार का ठेका करीब 9.90 लाख रुपये कम में गया। दोबारा नीलामी के बाद भी बुद्धि विहार उत्तरी में कुछ दुकानदारों ने ठेकेदार पर 55 हजार रुपये तक मांगने का आरोप लगाया है। हालांकि किसी ने लिखित शिकायत नहीं की। सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह ने बताया कि अब कोई विवाद नहीं है। तीनों स्थानों पर दुकानें लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।